जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची 19 मई को जाएंगी दक्षिण कोरिया

जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची 19 मई को जाएंगी दक्षिण कोरिया
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची दो दिवसीय दौरे पर 19 मई को दक्षिण कोरिया जाएंगी। जापान के डिप्टी चीफ कैबिनेट सेक्रेटरी मासानाओ ओह-जाकी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

टोक्यो, 14 मई (आईएएनएस)। जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची दो दिवसीय दौरे पर 19 मई को दक्षिण कोरिया जाएंगी। जापान के डिप्टी चीफ कैबिनेट सेक्रेटरी मासानाओ ओह-जाकी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ताकाइची अपनी इस यात्रा के दौरान दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग से मुलाकात करेंगी। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन और ईरान संघर्ष के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति में आ रही बाधाओं जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों नेताओं की मुलाकात दक्षिण-पूर्वी शहर एंडोंग में हो सकती है, जो राष्ट्रपति ली का गृह नगर है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच “शटल डिप्लोमेसी” यानी नियमित पारस्परिक शिखर यात्राओं की परंपरा का हिस्सा मानी जा रही है।

इस साल जनवरी में राष्ट्रपति ली जापान गए थे और उन्होंने नारा प्रांत में ताकाइची के साथ शिखर वार्ता की थी।

जापानी अखबार योमिउरी शिम्बुन के अनुसार, जापान दक्षिण कोरिया के साथ एक्विजिशन एंड क्रॉस-सर्विसिंग एग्रीमेंट (एसीएसए) पर आगे बढ़ना चाहता है। यह मुद्दा 7 मई को सोल में हुई दोनों देशों के रक्षा और विदेश उप मंत्रियों की “टू-प्लस-टू” सुरक्षा बैठक में भी उठा था।

एसीएसए ऐसा समझौता है जिसके तहत आपात स्थिति में दोनों देश भोजन, ईंधन, परिवहन और अन्य लॉजिस्टिक सेवाओं को साझा कर सकते हैं।

हालांकि, दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय ने 8 मई को साफ कर दिया था कि फिलहाल सोल जापान के साथ ऐसे किसी सैन्य लॉजिस्टिक समझौते पर विचार नहीं कर रहा है।

दक्षिण कोरियाई रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, " सरकार आपसी सम्मान और विश्वास के आधार पर जापान के साथ स्थिर और भविष्य उन्मुख रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाना चाहती है, लेकिन एसीएसए पर अभी कोई योजना नहीं है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 May 2026 5:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story