आईपीएल 2026 श्रेयस अय्यर ने खेली कप्तानी पारी, पंजाब किंग्स ने सीएसके को 5 विकेट से हराया

आईपीएल 2026 श्रेयस अय्यर ने खेली कप्तानी पारी, पंजाब किंग्स ने सीएसके को 5 विकेट से हराया
आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में शुक्रवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5 विकेट से हराया। पंजाब किंग्स की तरफ से कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, प्रियांश आर्या ने 39 रनों की आतिशी पारी खेली। यह इस सीजन में पंजाब की लगातार दूसरी जीत है।

चेन्नई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में शुक्रवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5 विकेट से हराया। पंजाब किंग्स की तरफ से कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, प्रियांश आर्या ने 39 रनों की आतिशी पारी खेली। यह इस सीजन में पंजाब की लगातार दूसरी जीत है।

चेन्नई सुपर किंग्स से मिले 210 रनों के लक्ष्य को पंजाब किंग्स ने 5 विकेट खोकर 18.4 ओवर में हासिल कर लिया। पंजाब की शुरुआत दमदार रही। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 4.2 ओवर में 61 रन जोड़े। प्रियांश ने सिर्फ 11 गेंदों का सामना करते हुए 354 के स्ट्राइक रेट से 39 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 3 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, प्रभसिमरन ने 34 गेंदों में 43 रन बनाए। कूपर कोनोली ने 22 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 36 रन बनाए। हालांकि, नेहल वढेरा ने अपने प्रदर्शन से निराश किया और वह 10 रन बनाकर मैट हेनरी का शिकार बने।

कप्तान श्रेयस अय्यर एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने इस सीजन का पहला अर्धशतक लगाया। अय्यर 29 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में अय्यर ने 4 चौके और 3 छक्के लगाए। अय्यर के आउट होने के बाद शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस ने पंजाब किंग्स को कोई और झटका नहीं लगने दिया। शशांक 6 गेंदों में 14 और स्टोइनिस 3 गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाकर लौटे। गेंदबाजी में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से मैट हेनरी और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट निकाले।

इससे पहले टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाए। संजू सैमसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 7 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े। ऋतुराज 22 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, आयुष ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली। कार्तिक शर्मा ने एक बार फिर निराश किया और वह एक रन ही बना सके।

हालांकि, सरफराज खान शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 12 गेंदों में 32 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, अंत के ओवरों में शिवम दुबे ने सिर्फ 27 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 45 रन बनाए। दुबे ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और एक छक्का लगाया। गेंदबाजी में पंजाब किंग्स की ओर से विजयकुमार वैशाक ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए। यह चेन्नई की आईपीएल 2026 में लगातार दूसरी हार है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 April 2026 11:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story