आईपीएल एलएसजी के सिर्फ 2 बल्लेबाज, जिन्होंने 'पावरप्ले' में लगाए अर्धशतक

लखनऊ, 7 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 50वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श प्रचंड फॉर्म में नजर आए। मार्श ने गुरुवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ पावरप्ले के दौरान 24 गेंदों का सामना किया, जिसमें 58 रन कूटे। आईपीएल इतिहास में ऐसा चौथी बार है, जब एलएसजी की तरफ से किसी बल्लेबाज ने शुरुआती 6 ओवरों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अब तक सिर्फ 2 ही बल्लेबाज ऐसा कर सके हैं।
इस मुकाबले में मिचेल मार्श ने पावरप्ले में 24 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 58 रन बनाए। इस दौरान अर्शिन कुलकर्णी के साथ 68 रन की साझेदारी भी की। शुरुआती 6 ओवरों में लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक भी विकेट नहीं गंवाया।
एलएसजी की तरफ से पावरप्ले में 2 सबसे बड़ी पारियां मिचेल मार्श के ही नाम पर हैं। इससे पहले मार्श ने साल 2025 में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ पावरप्ले के दौरान 30 गेंदों का सामना किया था, जिसमें नाबाद 60 रन बनाए।
मिचेल मार्श के अलावा, एलएसजी की तरफ से पावरप्ले में सिर्फ काइल मेयर्स ही अर्धशतक पूरा कर सके हैं, जिन्होंने ऐसा दो बार किया। मेयर्स ने आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के विरुद्ध शरुआती 6 ओवरों में 24 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 54 रन बनाए थे। उसी सीजन मेयर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ पावरप्ले के दौरान 24 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन जुटाए थे।
गुरुवार को लखनऊ में जारी इस मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। बारिश के चलते दूसरी बार खेल रोके जाने तक एलएसजी की पारी के 9 ओवर पूरे हो चुके हैं। टीम बगैर कोई विकेट गंवाए 95 रन बना चुकी है। फिलहाल मिचेल मार्श ने 32 गेंदों में 7 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 76 रन बना लिए हैं, जबकि अर्शिन कुलकर्णी 22 गेंदों में 17 रन जोड़ चुके हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 May 2026 8:57 PM IST












