'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' सफल,अमेरिका-इजरायल ने ‘हरेक मकसद’ हासिल किया हेगसेथ

ऑपरेशन एपिक फ्यूरी सफल,अमेरिका-इजरायल ने ‘हरेक मकसद’ हासिल किया हेगसेथ
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया कि ईरान के खिलाफ चलाया 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' कामयाब रहा और ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल ने जो चाहा वो हासिल कर लिया। हेगसेथ के अनुसार 'नई सत्ता' के साथ उनकी बातचीत सही राह पर है।

वाशिंगटन, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया कि ईरान के खिलाफ चलाया 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' कामयाब रहा और ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल ने जो चाहा वो हासिल कर लिया। हेगसेथ के अनुसार 'नई सत्ता' के साथ उनकी बातचीत सही राह पर है।

बुधवार को पेंटागन में पीट हेगसेथ और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीजफायर की वजह बताई।

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया कि ट्रंप के पास इतनी ताकत थी कि वो चाहें तो कुछ ही मिनटों में ईरान की पूरी अर्थव्यवस्था ठप कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।

हेगसेथ ने कहा कि ट्रंप ने जानबूझकर नरमी दिखाई, क्योंकि ईरान ने दबाव में आकर सीजफायर मान लिया था। अमेरिका चाहता तो बड़ा नुकसान कर सकता था, लेकिन उसने रुकने का फैसला किया।

हेगसेथ के मुताबिक, ईरान की नई सरकार को समझ आ गया कि संघर्ष से उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा, इसलिए समझौता बेहतर था। नई सरकार ने अपने पुराने हालात से सबक लिया है। ​​वे जानते हैं कि इस समझौते का मतलब है कि उनके पास "कभी भी परमाणु हथियार नहीं होगा।”

अमेरिका का दावा है कि उसने दुनिया की सबसे बड़ी सेनाओं में से एक को तबाह कर दिया। हेगसेथ ने अपनी पीठ थपथपाते हुए कहा कि 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' ने 40 दिनों से भी कम समय में सिर्फ 10 फीसदी युद्ध क्षमता का इस्तेमाल करते हुए, “दुनिया की सबसे बड़ी सेनाओं में से एक” को खत्म कर दिया।

उन्होंने दावा किया कि ईरान अपना बचाव करने में नाकाम साबित हुआ, और तेहरान के खिलाफ यूएस-इजरायली संयुक्त अभियान में “प्लान के हिसाब से, शेड्यूल के हिसाब से हर एक मकसद” हासिल किया गया।

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा, “ईरान की नौसेना समुद्र तल में चली गई है… ईरान के पास अब एयर डिफेंस सिस्टम नहीं है… उनका मिसाइल प्रोग्राम पूरी तरह से खत्म हो गया है।”

वहीं, जनरल डैन केन ने कहा कि देश की सेनाओं ने ईरान में 13,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमला किया। 80 फीसदी एयर डिफेंस सिस्टम और 90 फीसदी से ज्यादा नौसैनिक बेड़े और 90 फीसदी हथियार फैक्ट्रियों को नष्ट कर दिया।

उन्होंने आगे कहा, "ईरान को किसी भी बड़ी जवाबी कार्रवाई के लिए जमीन तैयार करने में कई साल लग जाएंगे। और ये सीजफायर सिर्फ एक पॉज (ठहराव) है।" केन ने कहा कि अगर युद्ध अभियान फिर से शुरू करने का आदेश दिया जाता है या बुलाया जाता है तो सेना सामना करने को तैयार है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 April 2026 7:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story