ईरान ने कई बार किया संघर्ष विराम का उल्लंघन ट्रंप
वाशिंगटन, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर फिर सोशल पोस्ट के जरिए हमला बोला है। इस बार कोई लंबी चौड़ी बात नहीं लिखी महज एक पंक्ति में धमकी दी है। अस्थायी संघर्ष विराम की मियाद खत्म होने से पहले ट्रंप के इस छोटे पोस्ट में बड़ी बात है।
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा- ईरान ने कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति का ये बयान तब सामने आया है जब अस्थायी संघर्ष विराम की समय सीमा खत्म होने को है और इस्लामाबाद टॉक्स के दूसरे दौर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। 8 अप्रैल (भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे) को संघर्ष विराम का ऐलान किया गया था।
दोनों ओर विश्वास और भरोसे की कमी स्पष्ट दिख रही है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन हों, स्पीकर एमबी गालिबाफ हों या फिर विदेश मंत्री अब्बास अराघची, सभी एक सुर में यूएस की मंशा पर संशय कर रहे हैं।
हालिया बयान में, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका की “उकसाने वाली कार्रवाइयां” और युद्धविराम उल्लंघन दोनों देशों के बीच शांति वार्ता को जारी रखने में बड़ी बाधाएं हैं।
अपने पाकिस्तानी और रूसी समकक्षों के साथ अलग-अलग फोन वार्ताओं के दौरान अराघची ने ईरानी वाणिज्यिक जहाजरानी के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाइयों की निंदा की, जिसमें कंटेनर पोत टुस्का और उसके चालक दल की कथित जब्ती भी शामिल है। विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, उन्होंने वॉशिंगटन की “विरोधाभासी नीतियों और धमकी भरी बयानबाजी” का भी हवाला दिया।
8 अप्रैल को 40 दिनों की लड़ाई के बाद लागू हुआ युद्धविराम अभी भी नाजुक दौर में है। पाकिस्तान ने तेहरान और वाशिंगटन के बीच अप्रत्यक्ष वार्ताओं में मध्यस्थता की और 11-12 अप्रैल को इस्लामाबाद में पहले दौर की मेजबानी की थी। लेकिन दूसरे दौर की वार्ता को लेकर संशय बरकरार है।
दूसरी ओर ट्रंप उन शर्तों का उल्लेख करते हैं जिसकी अपेक्षा वो ईरान से करते हैं। इनमें यूरेनियम सौंपने की बात और होर्मुज खोलने की हिदायत शामिल है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 6:17 PM IST












