‘बूगी वूगी’ और ‘ताकेशीज कैसल’ कलात्मक संतुष्टि के लिए किए, पैसे से ज्यादा महत्वपूर्ण था मजा जावेद जाफरी

मुंबई, 26 जनवरी (आईएएनएस)। वर्सेटाइल एक्टर जावेद जाफरी फिल्मों के साथ ही शोज में भी अपने अलग अंदाज की छाप छोड़ चुके हैं। उन्होंने अपकमिंग फिल्म ‘मायासभा’ की तैयारियों के बीच यादें ताजा कीं। जावेद ने डांस रियलिटी शो ‘बूगी वूगी’ को शुरू करने की सबसे बड़ी वजह बताई और कहा कि यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि भारत के असली टैलेंट को सामने लाने का माध्यम था।
आईएएनएस से बातचीत में जावेद जाफरी ने कहा, “‘बूगी वूगी’ के पीछे हमारी इच्छा थी कि हम भारत को देखें। हम टैलेंट देखना चाहते थे, लेकिन असली टैलेंट के जरिए। मैंने पूरे भारत को देखा है। स्टेज पर आकर परिवार, सोच, गरीबी, अमीरी और कड़ी मेहनत सब दिखाई देती है। यही असली भारत है।”
उन्होंने आगे बताया कि ‘ताकेशीज कैसल’ जैसे आइकॉनिक जापानी गेम शो में भी सिर्फ उनकी आवाज थी, लेकिन इसमें उन्हें बहुत मजा आता था।
उन्होंने कहा, “उसमें पैसे बहुत कम थे, लेकिन मैंने इसे किया क्योंकि बच्चे इसका आनंद लेते थे और मैं भी लेता था। कलात्मक संतुष्टि के लिए कई काम किए जाते हैं। जब घर चलाने की चिंता नहीं रहती, तो आप ऐसे कामों को ज्यादा महत्व देते हैं।”
जावेद जाफरी ने एक्टर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि एक्टर के अधिकार सीमित होते हैं। राइटर और डायरेक्टर की मेहनत का सम्मान करना जरूरी है।
उन्होंने कहा, “राइटर ने सालों की मेहनत से स्क्रिप्ट लिखी है। आप एक दिन में कह दें कि मैं इसे बदल दूंगा, यह गलत है। डायरेक्टर पूरी दुनिया बनाता है, एक्टर उसे ओवरराइड नहीं कर सकता। मैं अगर कुछ नया सुझाव दे सकता हूं, तो देता हूं, लेकिन ट्रैक से नहीं हटता।”
अभिनेता की फिल्म 'मायासभा' 30 जनवरी को रिलीज होने वाली है। कॉमेडी से लेकर सीरियस तक, हर जॉनर में काम कर चुके जावेद जाफरी अपकमिंग फिल्म 'मायासभा' में अलग अंदाज में नजर आएंगे। जावेद का करियर फिल्मों, टीवी, डांस शो और वॉयस-ओवर तक फैला हुआ है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
