जबलपुर महिला कारोबारी की हत्या कर आरोपी ने भी दी जान, पुलिस पर फूटा परिजनों का गुस्सा
जबलपुर, 15 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक महिला कारोबारी की हत्या के बाद आरोपी ने खुद अपनी जान दे दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक महिला के परिजनों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी देखने को मिला। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
मृतक महिला के जीजा शरद जाटव का कहना है कि मेरी साली और उसके पार्टनर के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद दीपेश राठौर ने उसे गोली मार दी और फिर खुद की भी जान दे दी। मेरी साली ब्यूटी पार्लर चलाती थी। उसने पार्लर के लिए घर किराए पर लिया था और ऑनलाइन एक पार्टनर मिला। दोनों के बीच दोस्ती हुई और वह पार्टनर बन गया। वह मदद का झांसा देता रहा। हमें पता चला कि वह शख्स आपराधिक छवि का है। वह रेप के केस में जेल से बाहर आया था।
उन्होंने कहा कि मैंने महिला को समझाने की कोशिश की और उसने उससे दूरियां बनानी शुरू कर दीं। इसके बाद दीपेश राठौर ने धमकी देनी शुरू कर दी। वह उसके साथ मारपीट भी करता था। वह मुझे इसके बारे में बताती नहीं थी। चार दिन पहले ही वह सब कुछ छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो गई थी, लेकिन दीपेश वहां भी पहुंच गया। रात में मारपीट की और वहीं रुका रहा।
शरद ने बताया कि सुबह वह किसी तरह मेरे घर पहुंची तो हम थाने गए। विजयनगर थाने में लिखित शिकायत दी और पूरी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने ठीक से मदद नहीं की और कोर्ट जाने की सलाह दी। अगर उस दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया होता तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपेश राठौर के कई नेताओं के साथ संबंध थे। उसके पास हथियार भी था। इसी हथियार से उसने घर में घुसकर पहले मेरी साली को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। शव से काफी खून बह चुका था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, भाजपा नेता प्रभात साहू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी के साथ रिश्ते को स्वीकार तो किया, लेकिन किसी तरह का संरक्षण देने और अपराध में समर्थन देने के आरोपों से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह दीपेश राठौर को जानते थे। वह उनका रिश्तेदार था, लेकिन इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है और न ही वह मृतका के बारे में कुछ जानते हैं।
वहीं, एसपी आयुष जाखड़ घटनास्थल पर पहुंचे तो पीड़ित के परिजनों ने उनकी गाड़ी घेर ली और जवाब मांगने लगे। उन्होंने विजयनगर थाने के पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए और उनके रवैये पर जवाब मांगा, लेकिन एसपी ने इस पर कुछ नहीं कहा। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा कि अभी जांच शुरुआती चरण में है। बारीकी से जांच की जाएगी। तथ्य सामने आने पर हम जानकारी देंगे। हथियार बरामद कर लिया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Jun 2026 10:20 PM IST












