झांसी में युवती की गोली मारकर हत्या, दो महीने बाद होनी थी शादी
झांसी, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में दिनदहाड़े एक 19 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आईटीआई इलाके की है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और स्वाट टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
मृतका की पहचान चंचल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेली थी। उसकी दादी किसी काम से बाहर गई हुई थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब दादी घर लौटी तो दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दीवार के ऊपर से झांककर देखा गया तो चंचल आंगन में लहूलुहान हालत में पड़ी मिली। उसकी कनपटी से खून बह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, एसपी सिटी, फोरेंसिक टीम और स्वाट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक पिछले कुछ महीनों से युवती से जबरन संपर्क करने और उसे परेशान करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
इस बीच, आरोपी बताए जा रहे कमल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो युवती की हत्या से पहले का है। वीडियो में युवक अपनी मौत की आशंका जताते हुए दिखाई दे रहा है और इसके लिए युवती के परिजनों को जिम्मेदार ठहराता नजर आ रहा है।
परिजनों के अनुसार, चंचल की शादी करीब दो महीने बाद होने वाली थी। शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे पहले हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 11:20 PM IST












