झारखंड भाजपा ने सीएम सोरेन के विदेश दौरों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग, निवेश के दावों पर उठाए सवाल
रांची, 19 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरों और उन यात्राओं के दौरान निवेश संबंधी दावों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने सरकार से इस मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मंगलवार को रांची स्थित प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री की स्वीडन, स्पेन, दावोस और ब्रिटेन यात्राओं को बड़े निवेश और रोजगार के अवसरों से जोड़कर प्रचारित किया गया था, लेकिन अब तक जमीन पर कोई ठोस परिणाम दिखाई नहीं दे रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अलग-अलग विदेशी दौरों के बाद हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आने और बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होने का दावा किया था।
प्रतुल शाहदेव के मुताबिक, दावों के बावजूद अब तक न तो बड़े उद्योग स्थापित हुए हैं और न ही व्यापक स्तर पर रोजगार सृजन दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पेन की फाइरा डी बार्सिलोना कंपनी के साथ रांची में कन्वेंशन सेंटर बनाने की घोषणा हुई थी, लेकिन परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। इसी तरह बैटरी भंडारण संयंत्र, इलेक्ट्रिक बस और ट्रक प्लांट तथा खेल प्रशिक्षण से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी प्रगति नहीं दिख रही है।
उन्होंने कहा कि दावोस दौरे के दौरान टाटा स्टील समेत कई बड़ी कंपनियों के निवेश प्रस्तावों का प्रचार किया गया था। इसके अलावा टेक महिंद्रा, हिताची, इंफोसिस, वेलस्पन और लुलु समूह जैसी कंपनियों के साथ संभावित निवेश समझौतों का उल्लेख किया गया था।
भाजपा का आरोप है कि इन परियोजनाओं में से अधिकांश पर अब तक कोई ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ है। प्रतुल शाहदेव ने यह भी कहा कि जिंदल समूह, उड़ीसा एलॉय, रुंगटा समूह, अमलगम स्टील, अंबुजा सीमेंट और सनशाइन ग्रुप से जुड़े निवेश प्रस्तावों को लेकर सरकार ने बड़े दावे किए थे, लेकिन अब तक न भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हुई और न ही परियोजनाओं का स्पष्ट रोडमैप सामने आया।
उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरते, तो राज्य में औद्योगिक गतिविधियां बढ़तीं और युवाओं को रोजगार मिलता। भाजपा ने सरकार से मुख्यमंत्री के विदेशी दौरों पर हुए खर्च, हुए निवेश समझौतों और उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तृत श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। प्रेस वार्ता में भाजपा के सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक भी मौजूद थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 May 2026 8:15 PM IST












