झारखंडः चाईबासा में शख्स ने बुजुर्ग भाभी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला
चाईबासा, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अंतर्गत तांतनगर ओपी क्षेत्र के कासिया गांव में एक शख्स ने अपनी 65 वर्षीय भाभी पार्वती भूमिज की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान दुलाई भूमिज के रूप में हुई है, जिसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह कुछ दिन पहले ही एक मामले में जेल की सजा काटकर रिहा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, पार्वती भूमिज का शव सोमवार को उसके कमरे में पाया गया। शुरुआत में इसे प्राकृतिक मौत माना गया, लेकिन जब अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान मृतका की गर्दन और गाल पर चोट के गहरे निशान दिखे तो परिवार को हत्या का शक हुआ।
इसके बाद ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई और सर्वसम्मति से पुलिस को सूचना दी गई। तांतनगर ओपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर मृतका के देवर, दुलाई भूमिज, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी दुलाई भूमिज का इतिहास बेहद हिंसक रहा है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2011 में उसने अपनी पत्नी इंद्रावती भूमिज की मसाला पीसने वाले लोढ़े (पत्थर) से वार कर हत्या कर दी थी। उस मामले में उसे 13 साल की उम्रकैद की सजा हुई थी। हाल ही में जेल से रिहा होकर वह गांव लौटा था और अब उसने अपनी भाभी को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी। आरोपी से पूछताछ जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 April 2026 6:24 PM IST












