झारखंड चतरा में सड़क हादसे में चार नाबालिगों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर 16 घंटे से सड़क जाम

झारखंड चतरा में सड़क हादसे में चार नाबालिगों की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर 16 घंटे से सड़क जाम
झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरैयाटांड़ में गुरुवार देर शाम हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को मातम और आक्रोश में डुबो दिया है।

चतरा, 13 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरैयाटांड़ में गुरुवार देर शाम हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को मातम और आक्रोश में डुबो दिया है।

जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित स्कार्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार चार नाबालिगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। आक्रोशित लोगों ने गुरुवार रात से ही मुख्य सड़क को जाम कर रखा है, जो शुक्रवार दोपहर तक जारी है।

सड़क जाम होने के कारण कोयला ढुलाई और आम आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। हादसा उस समय हुआ जब चारों किशोर खलारी थाना क्षेत्र के भेलवाटांड़ से अपने घर पिपरवार के हफुवा बाराडीह गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में विकास कुमार (15), मंजीत महतो (14) और प्रताप कुमार (15) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सोन कुमार (15) ने रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में तीन किशोर बाराडीह और एक हफुवा गांव का रहने वाला था। इस घटना के बाद हफुवा और बाराडीह गांव में चीख-पुकार और चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया है।

ग्रामीण दोषियों की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग को लेकर शवों के साथ सड़क पर धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवारों के लिए सरकारी नौकरी और क्षेत्र में भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग पर अड़े हैं। प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को संभालने के लिए पिपरवार पुलिस और स्थानीय अधिकारी कल रात से ही मौके पर डटे हुए हैं।

साथ ही, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए उठाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने बिना ठोस आश्वासन के शव देने से इनकार कर दिया। अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, जिसमें प्रशासन ने सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजे का आश्वासन दिया है। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए वरीय अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आवागमन सामान्य हो सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 March 2026 5:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story