झारखंड गढ़वा में सड़क हादसे में युवक की मौत पर बवाल, पुलिस-ग्रामीणों में झड़प
गढ़वा, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के गढ़वा जिले में सड़क हादसे के बाद बुधवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गढ़वा-नगर उंटारी मुख्य पथ (निर्माणाधीन फोरलेन) पर रामगढ़ मोड़ के पास झुरहा गांव निवासी पंकज कुमार (20) की एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पंकज कुमार बुधवार सुबह दोपहिया वाहन से बाजार जा रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कंपनी की कथित लापरवाही और आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और शहीद भगत सिंह चौक समेत आसपास के सभी लिंक मार्गों को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता विफल होने के बाद स्थिति बिगड़ गई। पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किए जाने से ग्रामीण और उग्र हो गए तथा पथराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान एक पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास जारी है।
इधर, हादसे और उसके बाद हुए बवाल की सूचना मिलते ही जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, झामुमो के केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य ताहिर अंसारी और दीपक प्रताप देव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए ग्रामीणों की मांगों का समर्थन किया और जिला प्रशासन से तत्काल वार्ता कर समाधान निकालने की अपील की है। पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है, जबकि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 7:22 PM IST












