झारखंड हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर राज्यपाल और नेता प्रतिपक्ष सहित कई नेताओं ने जताया दुख
रांची, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन पर झारखंड के राज्यपाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, मंत्री इरफान अंसारी और मंत्री योगेंद्र प्रसाद समेत विभिन्न नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। राज्यपाल ने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी के निधन की सूचना से वह अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मंत्री इरफान अंसारी ने रूपी सोरेन के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि यह झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पूरे सोरेन परिवार के साथ हैं। अंसारी ने कहा कि वह स्वयं अस्पताल में हैं और वहीं से लगातार परिवार के संपर्क में हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और हेमंत सोरेन सहित पूरे परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि रूपी सोरेन के निधन से परिवार ने स्नेह और ममता से भरी एक मातृशक्ति को खो दिया है। उन्होंने कहा कि उनका जाना परिवार सहित उन सभी लोगों के लिए अपूरणीय क्षति है, जिन्हें उनका स्नेह और आत्मीयता मिली। योगेंद्र प्रसाद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में रूपी सोरेन को संघर्ष, त्याग और धैर्य की प्रतीक बताया। पार्टी ने कहा कि शिबू सोरेन के निधन के बाद भी रूपी सोरेन उनके संघर्षों में साथ खड़ी रहीं। उनके निधन को झारखंड समेत देश के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए पार्टी ने कहा कि एक मां का साया उठ जाना हेमंत सोरेन, उनके परिवार, झामुमो के कार्यकर्ताओं और पूरे झारखंड के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पार्टी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 10:39 PM IST












