झारखंड के गोड्डा में तीन साल की बच्ची की हत्या के बाद शव कुएं में फेंका, दो आरोपी गिरफ्तार
गोड्डा, 15 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मकुंड़ी संथाली टोला में तीन वर्षीय बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बच्ची का शव एक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मृत बच्ची की पहचान निशा सोरेन (3) के रूप में हुई है। वह रमेश सोरेन की पुत्री थी और इन दिनों अपनी नानी के घर मकुंड़ी संथाली टोला में रह रही थी। उसका मूल घर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रमला संथाली टोला में है।
जानकारी के मुताबिक, निशा गुरुवार दोपहर से लापता थी। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। आधी रात को खोजबीन के दौरान ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को बोरा लेकर जाते देखा। ग्रामीणों के अनुसार, वह व्यक्ति छिपकर बोरे को पास के कुएं में फेंककर लौट रहा था। संदेह होने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ की।
पूछताछ में उसने बताया कि बोरे में बच्ची का शव है। इसके बाद ग्रामीणों ने कुएं से शव बाहर निकाला। ग्रामीणों द्वारा दबाव बनाने पर आरोपी ने अपने साथी जारमेन सोरेन का भी नाम बताया। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों, जारमेन सोरेन और प्रेम मुर्मु, को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद साहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से दोनों आरोपियों को छुड़ाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी आनंद साहा ने बताया कि पड़ोस के ही दो युवकों ने बच्ची की गला दबाकर हत्या की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 May 2026 3:29 PM IST












