झारखंड के साहिबगंज में 50 हजार घूस लेते आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार

झारखंड के साहिबगंज में 50 हजार घूस लेते आपूर्ति पदाधिकारी गिरफ्तार
झारखंड में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की दुमका इकाई ने गुरुवार को साहिबगंज जिले के बरहरवा में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर निरंजन कुमार को एक जन वितरण प्रणाली डीलर से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

रांची/साहिबगंज, 19 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जारी अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की दुमका इकाई ने गुरुवार को साहिबगंज जिले के बरहरवा में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर निरंजन कुमार को एक जन वितरण प्रणाली डीलर से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी अधिकारी राशन की आपूर्ति और विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के नाम पर अवैध राशि की मांग कर रहे थे। पीड़ित डीलर की शिकायत पर जाल बिछाकर बैठी एसीबी की टीम ने जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की पहली किस्त हाथ में ली, उसे दबोच लिया।

झारखंड में मार्च महीने में रिश्वतखोरी के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई में यह सातवीं गिरफ्तारी है। 17 मार्च को सीबीआई ने बोकारो के भोजूडीह में दक्षिण पूर्व रेलवे के एक जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) को बिजली कनेक्शन देने के नाम पर 15,000 रुपए की घूस लेते पकड़ा था।

इससे पहले 13 मार्च को देवघर में रिंग रोड परियोजना के मुआवजे की राशि जारी करने के बदले 5 प्रतिशत कमीशन मांग रहे जिला भू-अर्जन कार्यालय के दो कर्मियों, निरंजन और नुनु देव, को एसीबी ने गिरफ्तार किया था। 12 मार्च को हजारीबाग एसीबी की टीम ने कोडरमा के चंदवारा थाना में पदस्थापित दारोगा पवन कुमार राम को शराब मामले को रफा-दफा करने के एवज में 15 हजार रुपए लेते गिरफ्तार किया था। उसी दिन गुमला जिले के विशुनपुर में एक महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को कुएं की मरम्मत का बिल पास करने के नाम पर 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया।

जांच एजेंसियां अब आरोपियों के आय से अधिक संपत्ति के विवरण और उनके सिंडिकेट की भी पड़ताल कर रही हैं। एसीबी ने राज्य की आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी दफ्तरों में किसी भी काम के बदले 'कमीशन' न दें और यदि कोई कर्मचारी रिश्वत का दबाव बनाता है, तो तुरंत टोल-फ्री नंबर या संबंधित ब्यूरो कार्यालय में इसकी सूचना दें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 2:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story