झारखंड लोकभवन में सामूहिक योगाभ्यास, राज्यपाल संतोष गंगवार ने योग को बताया भारत का वैश्विक उपहार
रांची, 21 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को झारखंड लोक भवन के बिरसा मंडप में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की उपस्थिति में लोक भवन परिवार के सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों सहित कुल 253 लोगों ने योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि योग भारत की ऐसी अमूल्य धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन-पद्धति है, जो व्यक्ति को आत्म-अनुशासन, सकारात्मक सोच और मानसिक शांति प्रदान करती है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के बाद वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत और मानव कल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की वैश्विक स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि आज योग विश्वभर में स्वस्थ जीवनशैली और वैश्विक कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब दुनिया तनाव, असंतुलित जीवनशैली और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रही है, तब योग एक सरल, प्रभावी और प्राकृतिक समाधान के रूप में उभरा है। कोरोना महामारी के दौरान भी योग ने लोगों की शारीरिक और मानसिक सेहत को बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए योग एकाग्रता, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का मजबूत आधार है। नियमित योगाभ्यास से धैर्य, संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित होती है, जो जीवन की चुनौतियों का सामना करने में मदद करती है।
राज्यपाल ने लोगों से योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखने बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं। साथ ही उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति व्यापक जागरुकता फैलाने का आह्वान किया। ट
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Jun 2026 2:18 PM IST












