झारखंडः पलामू में 24 घंटे में कार्रवाई, पुलिस ने मुठभेड़ में मुख्य आरोपी फैज खान को दबोचा
मेदिनीनगर, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में शुक्रवार को पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान घायल हो गया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में फैज के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके से उसके एक अन्य सहयोगी को भी दबोचने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई गुरुवार रात शताब्दी मार्केट में हुए मोहम्मद समीर उर्फ गुड्डू खलीफा हत्याकांड के जवाब में की गई है।
गुड्डू खलीफा झामुमो नेता हत्याकांड का मुख्य गवाह था, जिसकी फैज खान गिरोह ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पलामू पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फैज खान अपने साथियों के साथ पांकी और तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती पहाड़ी व जंगली इलाकों में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर जब पुलिस की विशेष टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, तो खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी मोर्चा संभाला, जिसमें मुख्य आरोपी फैज खान के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर घायल फैज खान और उसके एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
मौके से हथियार और कारतूस बरामद होने की भी सूचना है। पलामू एसपी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। शहर के बीचों-बीच हुई हत्या के महज 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को जिला पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 8:51 PM IST











