झारखंडः पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया से चार लोगों की मौत के बाद सरकार अलर्ट, उपायुक्तों को अभियान चलाने के निर्देश
रांची, 1 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया से कम से कम चार लोगों की मौत और संक्रमण के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए झारखंड सरकार ने राज्यभर में अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी उपायुक्तों को मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए तत्काल व्यापक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जारी निर्देश में कहा गया है कि जिन क्षेत्रों में मलेरिया के मामले सामने आ रहे हैं, वहां युद्धस्तर पर कार्ययोजना बनाकर निगरानी बढ़ाई जाए और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय की जाए। बुखार के अधिक मामलों वाले इलाकों में बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एमपीडब्ल्यू) और सहियाओं के माध्यम से सक्रिय सर्वे कराया जाएगा। मलेरिया की आशंका वाले प्रत्येक मरीज की तत्काल जांच कर संक्रमित पाए जाने पर बिना विलंब उपचार शुरू करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा सभी मरीजों के उपचार और फॉलो-अप की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही किसी भी क्षेत्र में मलेरिया का नया मामला मिलने पर पूरे इलाके में अनिवार्य रूप से मास सर्वे या फीवर सर्वे चलाया जाएगा।
निर्देश के अनुसार, प्रत्येक गांव का ग्रामवार मलेरिया डेटा तैयार किया जाएगा तथा अधिक प्रभावित गांवों की सहियाओं को रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (आरडीटी) किट और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में जांच सामग्री और मलेरिया रोधी दवाओं का भंडारण सुनिश्चित करने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में कीटनाशी दवाओं का छिड़काव और लार्वा नियंत्रण गतिविधियों में तेजी लाने को भी कहा गया है।
सरकार ने मलेरिया से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया है, ताकि लोग समय पर जांच कराएं और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं। विभाग ने मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों की निगरानी के लिए त्रिस्तरीय समीक्षा व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर साप्ताहिक, सिविल सर्जन स्तर पर पखवाड़ेवार और उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रत्येक माह जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
अपर मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों से मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों की व्यक्तिगत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि संक्रमण पर शीघ्र नियंत्रण स्थापित किया जा सके और जनहानि रोकी जा सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 6:57 PM IST












