झारखंडः रामगढ़ में दामोदर नदी में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत
रामगढ़, 17 मई (आईएएनएस)। झारखंड के रामगढ़ शहर के गढ़बांध के निकट रविवार को दामोदर नदी में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर को स्थानीय लोगों की तत्परता से सकुशल बचा लिया गया।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। देर शाम दो किशोरों के शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों की पहचान रामगढ़ शहर के मेन रोड, सुभाष चौक निवासी बबलू सोनकर के 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस सोनकर और बिजुलिया तालाब के अयोध्या नगर निवासी दीपक कुमार वर्मा के 14 वर्षीय पुत्र वैभव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 से 15 वर्ष की उम्र के तीन किशोर रविवार को अपने-अपने घरों से फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले थे। खेलने के बाद भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए तीनों किशोर गढ़बांध स्थित दामोदर नदी पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए।
नहाने के दौरान वे अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता और सूझबूझ दिखाते हुए डूब रहे बंगाली टोला निवासी आयुष कुमार तिवारी को पानी से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन प्रिंस और वैभव गहरे पानी में समा गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गढ़बांध क्षेत्र में दामोदर नदी के इस हिस्से में जलापूर्ति योजना के लिए बांध (चेकडैम) बनाए जाने के कारण पानी अत्यधिक गहरा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद नदी में शवों की तलाश के लिए सघन खोज अभियान शुरू किया गया। रविवार देर शाम गढ़बांध चेकडैम के समीप से दोनों बच्चों के शवों को नदी से बाहर निकाला जा सका। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 May 2026 11:15 PM IST












