जेपी नड्डा के दावों पर उमर अब्दुल्ला का पलटवार, बोले- 'पेपर लीक के समय एलजी चला रहे थे सरकार'
नई दिल्ली/श्रीनगर, 23 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एसएसबी पेपर लीक को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के दावों पर जवाब दिया है। उन्होंने पेपर लीक की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह घटना 2022 की थी। साथ ही, उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उस समय जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस की सरकार नहीं, बल्कि उपराज्यपाल का शासन था।
जेपी नड्डा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के एक दिन बाद गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "जेपी नड्डा जी, जम्मू-कश्मीर में एसएसबी पेपर लीक के बारे में आपकी बात बिल्कुल सही है, लेकिन आपने तारीख गलत बताई है। यह 2022 की बात है।"
उन्होंने आगे लिखा, "सरकार एनसी (नेशनल कॉन्फ्रेंस) और कांग्रेस की नहीं थी। सरकार लेफ्टिनेंट गवर्नर के नेतृत्व में थी, लेकिन इस नाकामी की तरफ सबका ध्यान दिलाने के लिए आपका धन्यवाद।"
उमर अब्दुल्ला ने कहा, "इसमें जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की ये टिप्पणियां और आदेश शामिल थे। हमें नहीं पता कि हाई-लेवल कमेटी या उसकी रिपोर्ट का क्या हुआ। शायद आप अपनी अगली प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमारे साथ यह जानकारी शेयर कर सकें।"
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे को लेकर बुधवार देर शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने गैर-एनडीए शासित राज्यों में पेपर लीक के मुद्दे उठाए। इस दौरान, जेपी नड्डा ने जम्मू-कश्मीर का भी जिक्र किया था।
नड्डा ने कहा, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद में एक प्रस्तुतीकरण दिया, जिसमें उन्होंने लगभग 150 पेपर लीक के बारे में उल्लेख किया। यह जांच का विषय है और हमारी सरकार इस मामले से जुड़े प्रत्येक पहलू पर जनता के समक्ष अपना पक्ष और तथ्य प्रस्तुत करेगी। जांच के आधार पर सत्य सामने लाया जाएगा, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। लेकिन आज मैं कुछ पेपर लीक की घटनाओं की चर्चा करना चाहता हूं।"
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सर्विस सेलेक्शन बोर्ड की परीक्षा का पेपर लीक हुआ, जहां कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार है। इसके अलावा, जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, पंजाब, केरल और कर्नाटक में पेपर लीक व परीक्षा में गड़बड़ियों का उल्लेख किया।
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से पूछा कि पेपर लीक मुद्दे पर उनका रवैया सेलेक्टिव क्यों है? नड्डा ने सवाल किया, "राहुल गांधी ये बताएं कि उन्होंने यूपीए और यूपीए से सपोर्टेड सरकारों के बारे में क्यों नहीं चर्चा की?"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 July 2026 9:48 AM IST












