खड़गे का हमला, 'भाजपा के जाने से ही बचेगा लोकतंत्र, बिहार-यूपी और महाराष्ट्र की सरकारें 'वोट चोरी' से बनीं'

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार युवाओं, महिलाओं और दलितों के वोट छीनने की कोशिश कर रही है। खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए मोदी सरकार को हटाना जरूरी है और विपक्ष इस लड़ाई को एकजुट होकर लड़ेगा।
खड़गे ने कहा, "चलो दिल्ली रामलीला मार्च, एक ऐतिहासिक मीटिंग यहां हो रही है। इन्होंने युवाओं, महिलाओं और दलितों का वोट छीनने की कोशिश की है। हम इसके खिलाफ यहां इकट्ठे हुए हैं। जब तक ज्ञानेश कुमार नहीं जाएंगे, तब तक हम नहीं जाएंगे और लड़ते रहेंगे। ज्ञानेश कुमार को छिपाने की कोशिश की जा रही है, मगर वह नहीं छिपेंगे। हम कभी नहीं डरेंगे।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लोगों के वोट बांटने और मतदाता सूची से नाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष का संघर्ष जारी रहेगा।
खड़गे ने केंद्र के साथ-साथ महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन राज्यों में सरकारें वोट चोरी के जरिए सत्ता में आई हैं। उन्होंने कहा, "वे खुद तय करते हैं कि उन्हें कौन वोट देगा। जनता उन्हें नहीं चुनती। मौजूदा केंद्र सरकार के साथ-साथ महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारें भी वोट चोरी की सरकारें हैं। हमें इन चोरों को हटाना होगा।"
खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मोदी तभी जाएंगे, जब लोग मजबूती और एकजुटता के साथ उनके खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने रैली में मौजूद लोगों से इस संघर्ष में साथ देने की अपील की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और पुलिस जैसी सरकारी एजेंसियों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष इनसे डरने वाला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को डराने के लिए कर रहे हैं।
खड़गे ने कहा, "हममें लड़ने की ताकत है और हम पुलिस, सीबीआई, ईडी या किसी अन्य सरकारी एजेंसी से डरने वाले नहीं हैं। इंडिया गठबंधन के नेता भी नहीं डरेंगे। इस मंच पर मौजूद हर व्यक्ति लड़ने के लिए तैयार है। मोदी लोगों को बांटने और उनके वोट छीनने की कोशिश कर रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष का उद्देश्य संविधान की रक्षा करना, लोकतंत्र को मजबूत करना और देश को बचाना है। इसके लिए इंडिया गठबंधन के सभी दल एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।
अपने संबोधन के समापन पर खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को हटाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्ष मिलकर लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा, "पीएम मोदी निश्चित रूप से जाएंगे। जब आप दृढ़ संकल्प और एकता के साथ लड़ेंगे, तो जीत हमारी होगी। हम सब मिलकर लड़ेंगे, मोदी को हटाएंगे, संविधान की रक्षा करेंगे, लोकतंत्र को मजबूत करेंगे और अपने देश को बचाएंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
