खड़गे की पीएम मोदी पर टिप्पणी से बिहार में सियासी बवाल, भाजपा-हम ने की माफी की मांग

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए एक बयान पर बिहार में राजनीतिक विवाद गहरा गया है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने खड़गे के बयान की कड़ी निंदा की है। दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री पद की गरिमा और सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा का हवाला देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर आपत्ति जताई।
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और संस्कारहीन राजनीतिक संस्कृति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना सभी नेताओं की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल देश की जनता के जनादेश का अपमान है।
सरावगी ने आरोप लगाया कि मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान राहुल गांधी, सोनिया गांधी और पूरे गांधी परिवार की राजनीतिक सोच को दर्शाते हैं। गांधी परिवार लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके माता-पिता और परिवार को अपमानित करने का काम करता रहा है। अब खड़गे भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। राहुल गांधी के साथ पार्टी चलाने का परिणाम है कि कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार की भाषा बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ लोगों के लोकतांत्रिक जनादेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। गाली-गलौज से न तो प्रधानमंत्री का कद छोटा होगा और न ही जनता का उनके प्रति समर्थन कम होगा।
सरावगी ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों को भी बेबुनियाद बताते हुए कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के राजनीतिक आधार को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए। जनता विकास और काम का जवाब वोट से देती है।
वहीं, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्री बाबू) की जयंती के अवसर पर खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पिताजी को लेकर बोली गई भाषा भारतीय लोकतंत्र की गरिमा, सार्वजनिक जीवन की मर्यादा और भारतीय संस्कृति की परंपराओं के अनुकूल नहीं है।
सुमन ने कहा कि श्री बाबू जैसे महान नेता की जयंती समाज को प्रेरणा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर है, न कि राजनीतिक कटुता बढ़ाने का। उन्होंने खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। साथ ही कार्यक्रम के आयोजकों से भी इस प्रकरण पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने और खेद व्यक्त करने को कहा।
--आईएएनएस
एमएनपी/वीसी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
