एलपीयू में छात्रों के विरोध पर डीन का बयान, कहा-अफवाहों से उपजा गुस्सा हिंसक प्रदर्शन में बदला

एलपीयू में छात्रों के विरोध पर डीन का बयान, कहा-अफवाहों से उपजा गुस्सा हिंसक प्रदर्शन में बदला
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और तोड़फोड़ की घटना को लेकर विश्वविद्यालय के डीन सौरभ लखनपाल ने कहा कि पूरा विवाद काफी हद तक अफवाहों से उपजे गुस्से का परिणाम था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक संदेश सामने आने के बाद छात्रों के बीच बेचैनी बढ़ी। जहां वास्तविक छात्र मामले की सच्चाई जानना चाहते थे, वहीं कुछ लोगों ने स्थिति का फायदा उठाकर विरोध को हिंसक रूप दे दिया।

जालंधर, 29 सितंबर (आईएएनएस)। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन और तोड़फोड़ की घटना को लेकर विश्वविद्यालय के डीन सौरभ लखनपाल ने कहा कि पूरा विवाद काफी हद तक अफवाहों से उपजे गुस्से का परिणाम था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक संदेश सामने आने के बाद छात्रों के बीच बेचैनी बढ़ी। जहां वास्तविक छात्र मामले की सच्चाई जानना चाहते थे, वहीं कुछ लोगों ने स्थिति का फायदा उठाकर विरोध को हिंसक रूप दे दिया।

एलपीयू के डीन सौरभ लखनपाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को असामाजिक तत्व या बाहरी लोग कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस, सिविल प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन को मामले की पूरी जांच करनी चाहिए, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने बताया कि फिलहाल 10 दिनों के लिए कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं और अधिकांश छात्र अपने घर लौट गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही कक्षाएं दोबारा शुरू की जाएंगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी छात्र की पढ़ाई या पाठ्यक्रम प्रभावित न हो।

लखनपाल ने बताया कि विश्वविद्यालय साइबर सेल और पुलिस के लगातार संपर्क में है। संदेश के स्रोत का पता लगाने के लिए टावर डंप और अन्य तकनीकी डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है। इसमें इस्तेमाल किए गए आईपी एड्रेस और संदेश के प्रसार के रास्ते की भी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि जब संदेश वायरल हुआ और छात्रों में बेचैनी बढ़ी, तो वे अपने हॉस्टल से निकलकर बातचीत करने लगे। लखनपाल ने कहा कि उन्हें उसी समय फोन आया और वह आधी रात के आसपास छात्रों के पास पहुंचे। बातचीत के दौरान कुछ असामाजिक तत्व या बाहरी लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने मास्क पहन रखे थे और उनके पास रॉड थीं। इन लोगों ने मुख्य गेट पर तोड़फोड़ की और जबरन परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की।

डीन ने बताया कि छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वापस भेजने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि 10-15 मिनट के भीतर विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों ने मिलकर स्थिति को नियंत्रित किया और कुछ ही घंटों में पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया गया।

लखनपाल ने कहा, छात्रों ने जांच प्रक्रिया में शामिल होने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस को शामिल करते हुए जांच की प्रक्रिया तैयार की गई और अगले दिन से छात्र जांच के हर चरण में प्रशासन के साथ रहे।

उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए मानक संचालन प्रक्रिया का पालन जरूरी है, हालांकि किसी भी घटना के दौरान विश्वविद्यालय की पहली प्राथमिकता छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 Sept 2026 8:35 PM IST

Tags

Next Story