लखनऊ को मिलेगा शौर्य और तकनीक का नया केंद्र, नौसेना संग्रहालय का 70 फीसदी काम पूरा
लखनऊ, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। लखनऊ के आईटी सिटी क्षेत्र में बन रहे नौसेना शौर्य संग्रहालय का निर्माण कार्य करीब 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है और अब यह परियोजना भारतीय नौसेना की ताकत और गौरव का जीवंत प्रतीक बनती नजर आ रही है।
जहाज के आकार में तैयार हो रहा यह संग्रहालय नौसैनिक वास्तुकला, पोर्थोल-स्टाइल खिड़कियों, जहाज की रेलिंग और नौसेना उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है। परिसर में ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ विशेष आकर्षण के रूप में विकसित की जा रही है, जहां ऐतिहासिक टीयू-142एम विमान और सी किंग एसके-42बी हेलीकॉप्टर स्थापित किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही आईएनएस गोमती से जुड़े मिसाइल, टारपीडो, गन और पनडुब्बी रोधी उपकरण भी यहां पहुंच चुके हैं। निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और जल्द ही यह संग्रहालय प्रदेशवासियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनकर तैयार होगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया, “लखनऊ में बन रहा नौसेना शौर्य संग्रहालय प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही यह संग्रहालय भारतीय नौसेना की अदम्य वीरता, त्याग और समुद्री शक्ति का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आएगा। इसे जहाज के स्वरूप में तैयार किया जा रहा है, जिससे यहां आने वाले लोगों को एक वास्तविक नौसैनिक अनुभव मिल सके। हमारा प्रयास है कि यह संग्रहालय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को देशभक्ति और सैनिकों के बलिदान से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बने। यहां विकसित किया जा रहा ‘स्मृति उद्यान’ वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने का एक महत्वपूर्ण स्थल होगा।"
उन्होंने कहा, ''मुझे विश्वास है कि यह संग्रहालय आने वाले समय में लखनऊ की एक प्रमुख पहचान बनेगा और देशभर से पर्यटकों को आकर्षित करेगा। संग्रहालय में आधुनिक तकनीक के जरिए नौसेना के युद्धक इतिहास, रणनीतियों और प्रमुख अभियानों- जैसे पुलवामा के बाद की सैन्य कार्रवाई और ऑपरेशन सिंदूर की झलक दिखाई जाएगी। इसे इंटरएक्टिव बनाने के लिए एयरक्राफ्ट कैरियर लैंडिंग और वॉरशिप सिम्युलेटर, 7डी थिएटर, सबमर्ज्ड द्वारका मॉडल, डिजिटल वॉटर स्क्रीन शो, मरीन लाइफ एक्वेरियम और ‘ड्रेस लाइक योर हीरोज़’ जैसी गतिविधियां भी जोड़ी जाएंगी।''
इसके साथ ही सैनिकों की वीरता और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करता हुआ एक विशेष ‘स्मृति उद्यान’ भी विकसित किया जा रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस उद्यान को शांत और सार्थक स्मरण स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है, जहां आगंतुक देश की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को सम्मानपूर्वक याद कर सकेंगे। यह संग्रहालय देश का अपनी तरह का पहला केंद्र होगा, जहां रिटायर्ड युद्धपोतों और उनसे जुड़े उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा, साथ ही शोधकर्ताओं और छात्रों को दुर्लभ दस्तावेजों तक पहुंच मिलेगी। यहां नियमित कार्यशालाएं और व्याख्यान भी आयोजित होंगे। कुल मिलाकर यह संग्रहालय युवाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को समृद्ध किया जा है, लखनऊ स्थित इकाना स्टेडियम के पास सीजी सिटी में बन रहा यह संग्रहालय उसी श्रृंखला में एक नया और महत्वपूर्ण आकर्षण बनकर उभरेगा।''
उन्होंने कहा कि नौसेना शौर्य संग्रहालय का करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे आधुनिक व इंटरएक्टिव तरीके से विकसित किया जा रहा है। यहां टीयू-142एम विमान, सी किंग हेलीकॉप्टर सहित कई अहम नौसैनिक उपकरण प्रदर्शित किए जाएंगे। सिम्युलेटर, 7डी थिएटर और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए आगंतुकों को नौसेना के इतिहास और अभियानों का वास्तविक अनुभव मिलेगा। यह संग्रहालय लखनऊ को एक प्रमुख पर्यटन और ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 4:46 PM IST












