हर जॉनर में छाए अजय देवगन एक्शन से कॉमेडी और थ्रिलर तक, हर किरदार में दिखे दमदार

हर जॉनर में छाए अजय देवगन एक्शन से कॉमेडी और थ्रिलर तक, हर किरदार में दिखे दमदार
बॉलीवुड में बहुत से कलाकार आते हैं, लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं जो हर तरह के किरदार में खुद को साबित कर पाते हैं। अजय देवगन उन्हीं खास कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने अपने लंबे करियर में हर जॉनर की फिल्मों में काम किया और हर बार दर्शकों का दिल जीता।

मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड में बहुत से कलाकार आते हैं, लेकिन कुछ ही ऐसे होते हैं जो हर तरह के किरदार में खुद को साबित कर पाते हैं। अजय देवगन उन्हीं खास कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने अपने लंबे करियर में हर जॉनर की फिल्मों में काम किया और हर बार दर्शकों का दिल जीता।

चाहे पुलिस ऑफिसर का सख्त अंदाज हो, कॉमेडी में हल्का-फुल्का मजाक या फिर गंभीर और रहस्यमयी किरदार, वह हर रूप में फिट बैठते हैं। यही वजह है कि आज अजय देवगन इंडस्ट्री के सबसे सफल अभिनेताओं में गिने जाते हैं।

2 अप्रैल 1969 को दिल्ली में जन्मे अजय देवगन का असली नाम विशाल वीरू देवगन है। उनके पिता वीरू देवगन फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने स्टंट डायरेक्टर थे, इसलिए अजय को बचपन से ही फिल्मों का माहौल मिला। उन्होंने मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से पढ़ाई पूरी की और फिर एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। साल 1991 में आई फिल्म 'फूल और कांटे' से उन्होंने बतौर हीरो शुरुआत की। इस फिल्म में उनकी एंट्री दो बाइकों पर खड़े होकर हुई। ये एंट्री इतनी मशहूर हुई कि आज भी उसे याद किया जाता है।

अजय देवगन ने अपने करियर में एक्शन फिल्मों से खास पहचान बनाई। फिल्म 'सिंघम' में उन्होंने एक सख्त और ईमानदार पुलिस ऑफिसर बाजीराव सिंघम का किरदार निभाया। इस फिल्म में उनका डायलॉग और स्टाइल लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा 'रेड' और 'तान्हाजी' जैसी फिल्मों में भी उनका दमदार एक्शन और गंभीर अभिनय देखने को मिला, जिसने दर्शकों को बांधकर रखा।

इसके अलावा, अजय ने कॉमेडी जॉनर भी ट्राई किया और 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी में काम किया। इसमें उनका मजेदार अंदाज देखने को मिला है। उनकी कॉमिक टाइमिंग ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ गंभीर रोल ही नहीं, बल्कि हंसी-मजाक में भी माहिर हैं।

थ्रिलर फिल्मों में भी अजय देवगन ने अपनी अलग पहचान बनाई है। 'दृश्यम 2' में उन्होंने एक ऐसे आम आदमी का किरदार निभाया, जो अपने परिवार को बचाने के लिए हर मुश्किल का सामना करता है। इस फिल्म की कहानी रहस्यमयी है और अजय का शांत, लेकिन मजबूत अभिनय इसे और भी खास बनाता है। दर्शकों ने इस फिल्म को खूब पसंद किया और यह बड़ी हिट साबित हुई।

अजय देवगन को उनके शानदार अभिनय के लिए कई बड़े पुरस्कार भी मिले हैं। उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा, साल 2016 में उन्हें भारत सरकार की ओर से पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया।

आज अजय देवगन सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि निर्माता और निर्देशक भी हैं। उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है और हर बार कुछ नया करने की कोशिश की है। उनकी सबसे खास बात यही है कि वह हर जॉनर में खुद को ढाल लेते हैं, फिर चाहे एक्शन हो, कॉमेडी हो या थ्रिलर।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 April 2026 5:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story