लखनऊ में कुलदीप यादव की शादी का रिसेप्शन, जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ
लखनऊ, 17 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लखनऊ में भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी के रिसेप्शन में पहुंचे, जहां उन्होंने नवविवाहित जोड़े को अपना आशीर्वाद दिया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर रिसेप्शन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "आज (मंगलवार) लखनऊ में भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव के शुभ विवाह उपरांत आयोजित प्रीतिभोज समारोह में सम्मिलित होकर नव दंपति को आशीर्वाद प्रदान किया।"
कुलदीप यादव ने 14 मार्च को बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ उत्तराखंड के मसूरी में शादी रचाई थी। कुलदीप यादव की शादी के रिसेप्शन में हेड कोच गौतम गंभीर, साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल, शिखर धवन और रवींद्र जडेजा पहुंचे। इस ग्रैंड रिसेप्शन में 900 से ज्यादा मेहमानों को न्योता दिया गया है। वीवीआईपी मेहमानों के लिए होटल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कानपुर के रहने वाले इस जोड़े ने 4 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी, जिसमें करीबी लोग शामिल हुए थे। दोनों की शादी नवंबर 2025 में तय हुई थी, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के चलते इसे टाल दिया गया था। वंशिका कुलदीप यादव की बचपन की दोस्त हैं, जिन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई कानपुर से की है, जिसके बाद उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न चली गईं।
कुलदीप यादव हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप के विजेता बने हैं। उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ एकमात्र मैच में उतारा गया था, जिसमें चाइनामैन गेंदबाज ने 3 ओवर गेंदबाजी करते हुए 14 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
कुलदीप यादव ने साल 2017 में भारत की ओर से डेब्यू किया था। वह अब तक 17 टेस्ट मैच खेल चुके हैं, जिसमें 22.42 की औसत के साथ 76 विकेट हासिल किए। इसके अलावा, 120 वनडे मुकाबलों में 194 विकेट निकाले। कुलदीप ने भारत की तरफ से 54 टी20 मैच खेले, जिसमें 95 विकेट हासिल किए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 9:38 PM IST












