'लुक्खे' में महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल, योगराज सिंह को नोटिस जारी
अमृतसर, 14 मई (आईएएनएस)। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता और अभिनेता योगराज सिंह विवादों में घिर गए हैं। उन पर वेब सीरीज ‘लुक्खे’ में महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप है। इस मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने नोटिस जारी करते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
पंजाब राज्य महिला आयोग की ओर से पंजाब पुलिस के डीजीपी को पत्र लिखकर तुरंत जांच शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने ‘पंजाब स्टेट कमीशन फॉर विमेन एक्ट, 2001’ की धारा-12 के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए इस मामले को गंभीरता से लिया है।
आयोग ने मांग की है कि वेब सीरीज के अभिनेता योगराज सिंह के अलावा लेखक, निर्देशक, निर्माता और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सेंसर बोर्ड से भी इस कंटेंट की जांच कराई जाए। आयोग ने एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी है। वेब सीरीज में बोले गए डायलॉग पर एडवोकेट उज्जवल भसीन ने भी योगराज सिंह और अन्य के खिलाफ पुलिस शिकायत की है।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी योगराज सिंह के खिलाफ पंजाब राज्य महिला आयोग को शिकायत पत्र लिखा है। कांग्रेस ने मांग की है कि योगराज सिंह के खिलाफ एफआईआर की जाए और पूरी वेब सीरीज ‘लुक्खे’ पर प्रतिबंध लगा दी जाए।
शिकायत में कहा गया है कि योगराज सिंह खुद को अमृतधारी सिख और गुरसिख बताते हैं, फिर भी उन्होंने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया है, जो सिख सिद्धांतों के भी खिलाफ है। कांग्रेस ने इसे भारतीय न्याय संहिता की धारा-79 और महिलाओं के सम्मान के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है।
‘लुक्खे’ वेब सीरीज अमेजन पर स्ट्रीम हो रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में योगराज सिंह को महिलाओं के लिए इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा को लेकर भारी आलोचना का सामना करना पड़ा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 May 2026 7:05 PM IST












