अपील का असर: सिंधिया ने सिक्किम दौरे में वाहनों की संख्या न्यूनतम करने का दिया निर्देश, रक्षा मंत्री के काफिले में भी दिखीं केवल 4 गाड़ियां, बिरला का रेल यात्रा पर जोर

सिंधिया ने सिक्किम दौरे में वाहनों की संख्या न्यूनतम करने का दिया निर्देश, रक्षा मंत्री के काफिले में भी दिखीं केवल 4 गाड़ियां, बिरला का रेल यात्रा पर जोर
  • लोकसभा अध्यक्ष के काफिले में भी कम हुई गाड़ियों की संख्या
  • कई मंत्री सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर रहे हैं
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वाहनों की संख्या को न्यूनतम स्तर तक सीमित किया

New Delhi News. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन की खपत कम करने की अपील पर अमल करते हुए तमाम केंद्रीय मंत्रियों समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व मंत्रियों ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है, तो कई मंत्री सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस क्रम में केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी सिक्किम दौरे के दौरान वाहनों की संख्या को न्यूनतम आवश्यक स्तर तक सीमित कर दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के काफिले में भी गाड़ियों की संख्या काफी कम हो गई है।

सिंधिया गुरुवार से 16 मई तक सिक्किम की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।। यह यात्रा सिक्किम राज्य स्थापना दिवस के समारोहों के साथ ही होगी। सिंधिया को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। लेकिन उन्होंने निर्देश दिया है कि उनके सिक्किम दौरे में सीमित संख्या में वाहनों का इस्तेमाल किया जाए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी गुरुवार को एक छोटे काफिले के साथ जोधपुर के लिए रवाना हुए। रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद अपने काफिले का आकार घटाकर आधे से भी कम कर दिया। उनके काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या घटकर 4 हो गई है। ओम बिरला ने भी अपने काफिले में न्यूनतम गाड़ियां शामिल करने का निर्देश दिया है।

बिरला का रेल से यात्रा पर रहता है जोर

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला वर्षों से सार्वजनिक परिवहन के साधन रेल के जरिए ही यात्रा को तवज्जो देते हैं। जब भी उन्हें अपने संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी, दिल्ली अथवा देश के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों एवं सार्वजनिक दायित्वों के निर्वहन हेतु यात्रा करनी होती है, तब भारतीय रेल और सार्वजनिक परिवहन साधन उनकी पहली प्राथमिकता होते हैं।

Created On :   14 May 2026 7:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story