New Delhi News: खबर लहरिया की किताब ‘बड़ी आई पत्रकार’ और ‘द गुड रिपोर्टर’ का हुआ विमोचन

खबर लहरिया की किताब ‘बड़ी आई पत्रकार’ और ‘द गुड रिपोर्टर’ का हुआ विमोचन
  • खबर लहरिया की टीम द्वारा लिखित किताब ‘बड़ी आई पत्रकार’ और ‘द गुड रिपोर्टर’
  • शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में विमोचन

New Delhi News. खबर लहरिया की टीम द्वारा लिखित किताब ‘बड़ी आई पत्रकार’ और ‘द गुड रिपोर्टर’ का शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में विमोचन किया गया। मूल रूप से यह किताब खबर लहरिया की टीम के सदस्यों के अनुभव पर आधारित है, जिसे बड़े ही सहज और मार्मिक ढंग के कहानी के रूप में लिपिबद्ध किया गया है। इस किताब में ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत महिला पत्रकारों के अनुभव को कहानी के जरिए परोसा गया है।

त्रिवेणी ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार कविता बुंदेलखंडी ने कहा कि ‘बड़ी आई पत्रकार’ किताब खबर लहरिया की कहानी को एक नया रूप देती है। इस किताब में दस महिला पत्रकारों ने खुद अपनी कहानी लिखी है। उन्होंने किताब में अपनी कमियों और मजबूती का भी जिक्र किया है। वे उस कीमत के बारे में भी बात करती हैं, जो समाज के बनाए नियमों को तोड़ने पर चुकानी पड़ती है।

किताब के विमोचन से पहले वरिष्ठ पत्रकार और लेखिका उर्वशी बुटालिया ने किताब की सामग्री की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि समय बहुत तेजी से बदला है। इस तरह की किताब जरूर छपनी चाहिए। उर्वशी के साथ बातचीत में किताब की लेखक टीम की सदस्य सुनीता प्रजापति ने कहा कि कहानी लिखते हुए भावुकता के कई पल आए, जिसकी झलक किताब में है। किताब में जो लिखा है उन हालातों, दबावों को हमने पत्रकारिता के दौरान झेला, अनुभव किया है।

वहीं, प्रसिद्ध नारीवादी लेखिका फराह नकवी ने ‘बड़ी आई पत्रकार’ किताब पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक बेमिसाल, असाधारण किताब है। खबर लहरिया की टीम ने इस किताब के जरिए एक अलग मिसाल पेश की है। इसमें एक जलवा, जुनून और सच्चाई है। उन्होंने कहा कि खबर लहरिया की टीम ने इस किताब के माध्यम से पत्रकारिता के क्षेत्र में पत्रकारों को एक बड़ी चुनौती दे दी है।

Created On :   8 May 2026 9:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story