कृषि मंत्री चौहान के काफिले में रहेंगे सिर्फ तीन वाहन, प्रधानमंत्री के आह्वान को बताया राष्ट्र के पुनर्निर्माण का महायज्ञ

New Delhi News. केन्द्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसाधनों के विवेकपूर्ण इस्तेमाल के आह्वान को राष्ट्र के पुनर्निर्माण का महायज्ञ बताया और अपने वाहनों के काफिले को कम करने की घोषणा करते हुए कहा कि अब उनके काफिले में सिर्फ तीन वाहन शामिल रहेंगे। चाैहान ने गुरूवार को कृषि भवन में कृषि मंत्रालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा भूमि संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा दें तथा कम-से-कम 5-5 परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करें। “लोकल फॉर वोकल” और “स्वदेश अभियान” के तहत स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रालय स्तर पर अधिकारी और कर्मचारी गण गैर-जरूरी सोने की खरीद न करें और हर अधिकारी 5 लोगों को ऐसा न करने के लिए प्रेरित भी करें।
यह भी पढ़े -सिंधिया ने सिक्किम दौरे में वाहनों की संख्या न्यूनतम करने का दिया निर्देश, रक्षा मंत्री के काफिले में भी दिखीं केवल 4 गाड़ियां, बिरला का रेल यात्रा पर जोर
अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने की दी सलाह
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अनावश्यक विदेशी यात्राओं से बचना चाहिए तथा केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही विदेश यात्रा की जाए। अधिकारियों को अधिकतम कार्य वर्चुअल माध्यम से करने, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं ई-ऑफिस प्रणाली को बढ़ावा देने के भी निर्देश केन्द्रीय मंत्री ने दिए। साथ ही वर्क फ्रॉम होम अथवा हाइब्रिड मॉडल की संभावनाओं का भी आकलन करने को कहा, लेकिन उन्होंने यह भी ध्यान रखने को कहा कि इससे काम का नुकसान न हो। श्री चौहान ने कहा कि गर्मियों की छुट्टियों में विदेश यात्रा के बजाय देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, क्योंकि भारत प्राकृतिक सुंदरता और विविधता से परिपूर्ण है। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन तथा ई-वाहनों के उपयोग को भी प्रोत्साहित करने की बात कही।
Created On :   14 May 2026 7:24 PM IST








