मध्य प्रदेश विधानसभा में मोहन सरकार को घेरने की रणनीति बनाएगी कांग्रेस उमंग सिंघार
भोपाल, 16 जुलाई (आईएएनएस ) मध्य प्रदेश विधानसभा का आगामी सत्र 20 जुलाई से शुरू हो रहा है । इस सत्र में कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है और इसीलिए विधायकों की 19 जुलाई को बैठक बुलाई गई है । नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया है कि बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान सदन में उठाए जाने वाले प्रमुख जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा सरकार को जनता से जुड़े मुद्दों पर घेरने की रणनीति तैयार की जाएगी।
इस बैठक में मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार से जुड़े भूमि घोटाले का मामला, किसान संकट, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक जॉब कैलेंडर जारी करने की मांग, युवाओं के रोजगार एवं भर्ती परीक्षाओं में व्यापक सिस्टम सुधार, यूसीसी , आदिवासियों एवं दलितों के अधिकारों से जुड़े विषय, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार एवं प्रदेश में सामने आ रहे घोटाले, भ्रष्टाचार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी ।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, कांग्रेस विधायक दल जनता की आवाज को पूरी मजबूती के साथ विधानसभा में उठाएगा। प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, केन-बेतवा सहित आदिवासियों और दलितों के अधिकारों पर लगातार गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार जवाबदेही से बच नहीं सकती।
उन्होंने कहा कि विधानसभा का आगामी सत्र जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और सरकार से जवाब मांगने का सत्र होगा। कांग्रेस विधायक दल पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ जनता की अपेक्षाओं को सदन में रखेगा तथा प्रदेश के हर वर्ग से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगा।
--आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 July 2026 4:40 PM IST












