मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्यों की नियुक्ति पर भड़के हुसैन दलवई, बोले- 'हर क्षेत्र में हाशिए पर धकेलने की कोशिश'
मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने बुधवार को मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल करने की आलोचना की। उन्होंने इस कदम को 'पूरी तरह गलत' बताया और सवाल उठाया कि क्या हिंदू धार्मिक ट्रस्टों में भी इसी तरह का प्रतिनिधित्व दिया जाएगा?
यह टिप्पणी तब आई, जब सीएम मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने इंदौर के मनोज मलपानी और गुना के राघोगढ़ के अनिमेष भार्गव को नए वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्य के तौर पर नियुक्त किया। सांवर पटेल को 10 सदस्यों वाले बोर्ड का चेयरमैन फिर से नियुक्त किया गया है। अन्य सदस्यों में नजमा हेपतुल्ला, आतिफ अकील, फैजान खान, फातेमा चौधरी, शाइस्ता सुल्तान और शबाना खान शामिल हैं।
राज्य सरकार का दावा है कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 के तहत अपने वक्फ बोर्ड का पुनर्गठन किया है। संशोधित कानून के तहत राज्य वक्फ बोर्डों में कम से कम दो गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल करना अनिवार्य है। यह पहले के वक्फ अधिनियम, 1995 से एक बड़ा बदलाव है, जिसके तहत सदस्य केवल मुस्लिम समुदाय से ही लिए जाते थे।
दलवई ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "क्या हिंदू धार्मिक ट्रस्टों में भी इसी तरह मुसलमानों को शामिल किया जाएगा? क्या राम मंदिर ट्रस्ट में मुसलमानों को शामिल किया जाएगा? यह पूरी तरह गलत है। कहीं न कहीं, हर क्षेत्र में मुसलमानों को हाशिए पर धकेलने की कोशिश हो रही है। इससे देश को किसी भी तरह का फायदा नहीं होगा।"
दलवई ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह इस विचार के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उन्होंने इसे लागू करने से पहले व्यापक जन-जागरूकता और चर्चा की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, "जहां तक यूसीसी की बात है, मैं इसका विरोध नहीं कर रहा हूं। हालांकि, लोगों को पता होना चाहिए कि असल में यूसीसी क्या है और इस पर ठीक से बहस होनी चाहिए। एक से ज्यादा शादियां करना गलत है, लेकिन क्या ऐसा सिर्फ मुसलमान ही करते हैं? हिंदुओं में भी ऐसे कई मामले हैं। असल में, मैंने आज ही एक सरकारी अधिकारी के बारे में सुना जिनकी तीन पत्नियां हैं और वे मुसलमान नहीं हैं। महिलाओं को बराबरी का दर्जा मिलना चाहिए और अगर यूसीसी इसे पक्का करने के लिए लाया जा रहा है, तो मैं इसका स्वागत करूंगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 6:44 PM IST












