मध्य पूर्व तनाव के बीच आकाश एयर ने जारी की एडवाइजरी, दोहा-रियाद-कुवैत उड़ानें 5 अप्रैल तक निलंबित
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। आकाश एयर ने मध्य पूर्व में जारी तनाव और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद बुधवार को यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
एयरलाइन ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया कि जेद्दाह और कुछ भारतीय शहरों के बीच उड़ानें जारी रहेंगी, जबकि दोहा, रियाद और कुवैत की उड़ानें 5 अप्रैल 2026 तक निलंबित कर दी गई हैं।
आकाश एयर ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मूल्यांकन और क्षेत्रीय स्थिति की निरंतर समीक्षा के बाद जेद्दाह के लिए अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, कोच्चि और कोझिकोड की उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। हालांकि, इन उड़ानों का संचालन मौजूदा स्थिति पर निर्भर रहेगा और इसमें बदलाव संभव है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे उड़ान विवरण और बुकिंग के लिए आकाश एयर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं या कंपनी के एंड्रॉइड व आईओएस ऐप का उपयोग करें।
दूसरी ओर, दोहा (कतर), रियाद (सऊदी अरब) और कुवैत की उड़ानों को 5 अप्रैल 2026 तक पूरी तरह निलंबित रखा गया है। एयरलाइन इन गंतव्यों की स्थिति की रीयल-टाइम निगरानी कर रही है और किसी भी बदलाव की सूचना तुरंत यात्रियों को दी जाएगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आकाश एयर ने इन तीन शहरों के लिए बुकिंग वाले यात्रियों की रद्दीकरण/पुनर्निर्धारण शुल्क छूट नीति को 5 अप्रैल 2026 तक बढ़ा दिया है। प्रभावित यात्री पूर्ण रिफंड का विकल्प चुन सकते हैं, जो 7 दिनों के अंदर मूल भुगतान स्रोत में वापस कर दिया जाएगा। इसके अलावा, बिना किसी अतिरिक्त लागत के अपनी यात्रा को बाद की तारीख में पुनर्निर्धारित भी कर सकते हैं। यदि बुकिंग ट्रैवल एजेंट या पार्टनर के माध्यम से हुई है, तो यात्रियों को सीधे उनसे संपर्क करने की सलाह दी गई है।
आकाश एयर ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति पर जरूर जांच लें। किसी भी सहायता के लिए 24×7 उपलब्ध आकाश केयर सेंटर पर +91 9606112131 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, "हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा एवं भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम इस कठिन समय में यात्रियों के धैर्य और समझ के लिए आभारी हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 8:36 PM IST












