मद्रास हाई कोर्ट ने रजनीकांत की 'जेलर 2' की गैरकानूनी रिलीज पर रोक लगाई
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। मद्रास हाई कोर्ट ने अभिनेता रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' की गैर-कानूनी रिलीज पर रोक लगा दी है। यह फिल्म 15 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है।
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी और रजनीकांत, विजय सेतुपति, एस.जे. सूर्या व अन्य कलाकारों से सजी यह फिल्म 15 अक्टूबर को दुनिया भर में रिलीज होने जा रही है।
इस संबंध में, प्रोडक्शन कंपनी ने मद्रास हाई कोर्ट में एक याचिका दायर कर वेबसाइटों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 'जेलर 2' की अनधिकृत रिलीज पर रोक लगाने की मांग की। अपनी याचिका में कंपनी ने कहा कि उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है क्योंकि फिल्म रिलीज होने के 30 मिनट के भीतर ही वेबसाइटों पर गैर-कानूनी रूप से अपलोड कर दी जाती है।
मामले की सुनवाई के बाद, जस्टिस पीबी. बालाजी ने 'जेलर 2' की गैर-कानूनी रिलीज पर रोक लगाने का आदेश दिया।
इससे पहले फिल्म को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि फिल्म हिंदी में रिलीज नहीं होगी। 12 अक्टूबर को रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' को लेकर निर्माताओं ने हिंदी रिलीज को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया।
फिल्म के पब्लिसिस्ट ने निर्माताओं की ओर से एक बयान जारी कर उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि फिल्म हिंदी में रिलीज नहीं होगी। बयान में कहा गया कि हाल की मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि 'जेलर 2' हिंदी में रिलीज नहीं होगी। हम आधिकारिक तौर पर स्पष्ट करना चाहते हैं कि फिल्म का हिंदी संस्करण 15 अक्टूबर को अन्य भाषाओं के साथ निर्धारित योजना के अनुसार सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
निर्माताओं ने आगे कहा कि फिल्म को उत्तर भारत में पेन मरुधर एंटरटेनमेंट द्वारा वितरित किया जाएगा। हिंदी में थिएटर रिलीज के निर्धारित कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हम सभी मीडिया संस्थानों और प्लेटफॉर्म से अनुरोध करते हैं कि वे इस स्पष्टीकरण पर ध्यान दें और फिल्म की रिलीज को लेकर किसी भी अपुष्ट जानकारी का प्रसार न करें। मीडिया के निरंतर सहयोग और समर्थन के लिए हम आभारी हैं।
'जेलर 2' साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जेलर' का सीक्वल है। इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन की भूमिका में नजर आएंगे, जो धमकियों से जुड़े एक नए खतरनाक संघर्ष में उलझ जाते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Oct 2026 9:15 PM IST












