महाराष्ट्र में सूखे से किसानों की कठिनाई पर सरकार सजग, मंत्री भरणे बोले-केंद्र से जल्द मदद मिलने की उम्मीद
मुंबई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति को लेकर राज्य सरकार लगातार केंद्र के संपर्क में है। इसी कड़ी में राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे ने केंद्रीय टीम के दौरे, मुख्यमंत्री को सौंपी गई रिपोर्ट और केंद्र से मिलने वाली संभावित मदद को लेकर जानकारी दी। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि केंद्र सरकार की टीम ने राज्य में सूखे से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया है और राज्य सरकार द्वारा भेजे गए रिपोर्ट पर सकारात्मक रुख दिखाया है।
मंत्री भरणे ने कहा कि महाराष्ट्र में इस साल सूखे की स्थिति बेहद चिंताजनक है। किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक विशेष टीम को महाराष्ट्र भेजा था। इस टीम ने सूखा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हकीकत का आकलन किया और किसानों की मौजूदा परिस्थितियों की जांच-पड़ताल की।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय टीम के सामने राज्य के किसानों की स्थिति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। मुख्यमंत्री ने टीम को बताया कि किस तरह किसान लगातार मुश्किलों से जूझ रहे हैं और उन्हें तत्काल मदद की आवश्यकता है। राज्य सरकार ने पहले ही सूखे को लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपा था और केंद्रीय टीम ने उस रिपोर्ट पर भी गौर किया है।
दत्तात्रय भरणे के अनुसार, केंद्रीय टीम का रवैया इस पूरे मामले में काफी सकारात्मक रहा है। टीम ने राज्य सरकार के रिपोर्ट और जमीनी स्थिति को गंभीरता से लिया है, जिससे उम्मीद है कि जल्द ही किसानों के लिए राहत पैकेज का ऐलान हो सकता है।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की मुख्य मांग यही है कि केंद्र की ओर से किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक मदद मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी केंद्र से यही आग्रह किया है कि सहायता में देरी न की जाए, ताकि संकट में फंसे किसानों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस मुद्दे को लेकर सकारात्मक हैं। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने महाराष्ट्र के किसानों की मदद के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 3:47 PM IST












