पटना मेट्रो परियोजना 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य, नेहरू पथ पर दो फुट ओवरब्रिज बनेंगे सीएम सम्राट चौधरी
पटना, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को परियोजना का निर्माण वर्ष 2028 तक पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने नेहरू पथ पर जेडी विमेंस कॉलेज तथा हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास फुट ओवरब्रिज बनाने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नेहरू पथ पर इनकम टैक्स गोलंबर, हाईकोर्ट चौराहा और हनुमान मंदिर के समीप चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि मेट्रो परियोजना के निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को कम से कम असुविधा हो। इसके लिए यातायात प्रबंधन और आवागमन की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि निर्माण स्थलों के आसपास नागरिकों की सुरक्षा और दैनिक आवागमन की सुगमता सुनिश्चित करना आवश्यक है। विकास कार्यों के साथ-साथ आम लोगों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने पटना मेट्रो रेल परियोजना को राजधानी की परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परियोजना को समय पर पूरा करने के साथ सुरक्षा और जनसुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। नेहरू पथ पर प्रस्तावित दोनों फुट ओवरब्रिज से पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पार करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा मौजूद रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 3:47 PM IST












