महाराष्ट्र पुणे में बीएसएनएल की केबल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडफोड़, 9 गिरफ्तार
पुणे, 10 मई (आईएएनएस)। पुणे शहर के वानवडी इलाके में पुलिस ने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की कॉपर केबल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 80 लाख 70 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय बड़े केबल चोरी रैकेट का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 8 मई की रात से 9 मई की तड़के तक वानवडी पुलिस स्टेशन की जांच टीम कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हडपसर इंडस्ट्रियल एरिया में हनीवेल कंपनी के पास कुछ लोग ड्रेनेज लाइन का ढक्कन खोलकर अंदर से कॉपर केबल निकाल रहे हैं। आरोपी क्रेन की मदद से केबल बाहर खींचकर उसके टुकड़े कर एक आयशर ट्रक में भर रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस उप-निरीक्षक अल्फाज शेख और उनकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ड्रेनेज पाइपलाइन के भीतर डाली गई बीएसएनएल की कॉपर केबल चोरी कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पुणे के निवासी शामिल हैं। आरोपियों की पहचान अस्लम सगीर खान, आरिफ बुंदुखां खान, शोहेब हारुण खान, सलमान इदरीस मलिक, नरेश कुमार श्रीशिवचरण, नवी मोहम्मद, अनिस अंसारी, अफाक अंसारी और प्रविण बागुल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 34 लाख 80 हजार रुपए की कॉपर वायर, वायर निकालने में इस्तेमाल की गई क्रेन, आयशर ट्रक और मोपेड वाहन समेत कुल 80 लाख 70 हजार रुपए का सामान जब्त किया है।
इस मामले में वानवडी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उप-निरीक्षक अल्फाज शेख कर रहे हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त मनोज पाटील, पुलिस उपायुक्त राजलक्ष्मी शिवणकर और सहायक पुलिस आयुक्त नम्रता देसाई के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक भाऊसाहेब पाटील और पुलिस निरीक्षक संगीता जाधव के निर्देशानुसार की गई। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 May 2026 7:05 PM IST












