'महिला आरक्षण बिल' पर पद्म श्री गीता रॉय बर्मन का समर्थन, बोलीं- हर महिला को मिलेगा लाभ
कोलकाता, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल से महिला आरक्षण बिल को लेकर एक अहम और सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है। पद्म श्री गीता रॉय बर्मन ने इस बिल को महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम बताया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'नारी शक्ति' सोच की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं ने कभी भी खुद को पीछे नहीं रहने दिया, न पहले और न ही आज। चाहे घर हो या बाहर, महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित की है। ऐसे में अगर महिलाओं को राजनीति में सक्रिय रूप से भाग लेने और अपनी राय रखने का मौका मिलता है, तो यह देश के लिए बेहद सकारात्मक बदलाव होगा।
गीता रॉय बर्मन ने आईएएनएस से कहा कि महिला आरक्षण के तहत 33 प्रतिशत सीटों का प्रावधान एक मजबूत पहल है और इसे जमीन पर उतारने के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उठाया गया कदम सराहनीय है। इस फैसले का पूरा समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि इससे देश की हर महिला को फायदा मिलेगा।
गीता रॉय बर्मन ने उम्मीद जताई कि यदि यह बिल पूरी तरह लागू होता है और 2029 से इसका लाभ महिलाओं को मिलना शुरू होता है, तो देश की बेटियां और माताएं आत्ममंथन करेंगी और समाज को एक सकारात्मक संदेश देंगी। उनके अनुसार, यह सिर्फ राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का कदम नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और सामाजिक भूमिका को भी मजबूत करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से लंबित इस महिला आरक्षण को लागू करने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है। यह फैसला देश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा देगा और आने वाले समय में बड़े बदलाव की नींव रखेगा।
बता दें कि पद्म श्री गीता रॉय बर्मन पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले की एक प्रख्यात भवैया लोक गायिका, संगीतकार और गीतकार हैं। उन्हें राजबंशी समुदाय के पारंपरिक 'भवैया' लोक संगीत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है। कला के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2024 में पद्म श्री से सम्मानित किया। वह कूचबिहार के मथाभंगा की रहने वाली हैं और वर्तमान में बच्चों को भवैया संगीत सिखाने के लिए एक स्कूल भी चलाती हैं।
वहीं दूसरी ओर, बिहार के मुंगेर से महिला आरक्षण बिल पर मुंगेर के चैंबर ऑफ कॉमर्स की रेखा चौहान ने कहा, "33 प्रतिशत आरक्षण के साथ, संसद में महिलाओं की भागीदारी भी 33 प्रतिशत होगी। इससे महिलाओं को बहुत फायदा होगा, क्योंकि केवल महिलाएं ही चुनी जाएंगी, जिससे विकास के और भी ज्यादा काम होंगे। महिलाएं एक-दूसरे का साथ देंगी, उनकी संख्या बढ़ेगी, और महिलाओं के चुने जाने से संसद का कामकाज बेहतर होगा और विकास आगे बढ़ेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 April 2026 9:43 AM IST












