महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार विफल, जातीय जनगणना से भाग रही भाजपा अखिलेश यादव
इटावा, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार उनके स्वास्थ्य, शिक्षा व सम्मान की रक्षा में पूरी तरह नाकाम रही है।
इटावा में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं को केवल आरक्षण ही नहीं, बल्कि ठोस संरक्षण की भी जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें 'नारी विरोधी' करार दिया और आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के हितों के खिलाफ काम कर रही है तथा समाजवादी पार्टी के खिलाफ झूठा प्रचार कर रही है।
जातीय जनगणना के मुद्दे पर सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी इसकी समर्थक है, लेकिन भाजपा इससे बच रही है। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना होने से समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार और सम्मान मिल सकेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भीम राव अम्बेडकर द्वारा संविधान में दिए गए आरक्षण के प्रावधानों को सही ढंग से लागू नहीं कर रही है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा को ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ेगा और ममता बनर्जी एक बार फिर भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगी। उन्होंने इटावा के विकास को लेकर भी भाजपा सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया। उनका कहना था कि प्रदेश सरकार इटावा के विकास को रोकना चाहती है और यहां भू-माफियाओं द्वारा जमीनों पर कब्जे की घटनाएं बढ़ी हैं। साथ ही नदियों और जंगलों को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता संकट में है और किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। इससे पहले अखिलेश चकरनगर स्थित श्री रामकृष्ण परम धाम में आयोजित 108 कुंडीय महायज्ञ एवं भागवत कथा में शामिल हुए और आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धर्म का मार्ग न्याय और खुशहाली का मार्ग है, जो किसी के साथ भेदभाव नहीं करता। सपा प्रमुख ने इटावा के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय यह इलाका बेहद दुर्गम माना जाता था, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार में यहां व्यापक विकास कार्य हुए, जिससे सड़कों, पुलों और आपात सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 7:18 PM IST












