महुआ मोइत्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं पर अंडे फेंकने का आरोप, डीजीपी से लगाई मदद की गुहार

महुआ मोइत्रा का भाजपा कार्यकर्ताओं पर अंडे फेंकने का आरोप, डीजीपी से लगाई मदद की गुहार
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर अंडे फेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि वह अपने लोकसभा क्षेत्र में पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रही थीं। इसी दौरान भाजपा समर्थक वहां पहुंच गए और बाहर से अंडे फेंकने लगे।

कोलकाता, 1 जुलाई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर अंडे फेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि वह अपने लोकसभा क्षेत्र में पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर रही थीं। इसी दौरान भाजपा समर्थक वहां पहुंच गए और बाहर से अंडे फेंकने लगे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महुआ मोइत्रा ने एक वीडियो जारी कर कहा, "पश्चिम बंगाल के डीजीपी मेरा फोन नहीं उठा रहे हैं। मैं अपने लोकसभा क्षेत्र के कार्यालय में बैठक कर रही थी। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के लोग पार्टी कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए। ये लोग खिड़की के जरिए अंडे और पत्थर फेंक रहे हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फेंके गए अंडे और पत्थर उन्हें भी लगे हैं और उनके कपड़े भी खराब हो गए। उन्होंने कहा, "मैंने पुलिस को फोन किया, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। मैंने आपको फोन किया, उसके बाद पुलिस आई, लेकिन वह भी सिर्फ तमाशा देख रही है।"

उन्होंने कहा, "मैं यहां से नहीं निकलने वाली हूं। डीजीपी साहब, भीड़ को हटवाना आपका काम है। भीड़ को हटाया जाना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि आप यह वीडियो देखेंगे। आप एक आईपीएस अधिकारी और पश्चिम बंगाल के डीजीपी हैं। मुझे उम्मीद है कि आप जल्द ही इस भीड़ को हटाने का आदेश देंगे।"

एक अन्य वीडियो में उन्होंने कहा, "हम पर हमला हो रहा है और पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। मैं यहां की सांसद हूं और यह भीड़ हमला कर रही है, जबकि पुलिस और सीआरपीएफ तमाशा देख रही है।"

महुआ मोइत्रा ने एक्स पर लिखा, "पिछले दो घंटों से आपकी पुलिस तमाशा देख रही है और भीड़ को नहीं हटा रही है। वे चाहते हैं कि मैं यहां से भाग जाऊं और जब मैं अपनी कार में बैठूं तो मुझ पर अंडे या पत्थर फेंकें। कृपया अपना काम करें। भीड़ को हटाएं। मैं इस तरह यहां से नहीं निकलूंगी।"

बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कई टीएमसी के नेताओं पर अंडे फेंके गए। अब टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी यही आरोप लगाया है और पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 July 2026 6:57 PM IST

Tags

Next Story