'यह पर्व जीवन में लाए सद्भाव और करुणा', राहुल-खड़गे और प्रियंका गांधी ने दी विजयादशमी की बधाई

यह पर्व जीवन में लाए सद्भाव और करुणा, राहुल-खड़गे और प्रियंका गांधी ने दी विजयादशमी की बधाई
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं ने देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक बताया।

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं ने देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पर्व को बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक बताया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सत्य की असत्य पर, अच्छाई की बुराई पर और न्याय की अन्याय पर विजय का प्रतीक पावन पर्व विजयादशमी पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह महापर्व हमें अहंकार और दुष्प्रवृत्तियों का त्याग कर समाज में सौहार्द, सद्भाव और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करने का संकल्प दिलाता है।"

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशवासियों को विजयादशमी की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "सभी देशवासियों को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। अन्याय और अत्याचार पर न्याय और सत्य की विजय का यह पर्व, अहंकार का नाश कर, सभी के जीवन में सद्भाव और करुणा लाए।"

वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "बुराई पर अच्छाई, अहंकार पर विनम्रता, अन्याय पर न्याय और असत्य पर सत्य की विजय के महापर्व विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। सभी देशवासियों के लिए सुख, शांति, समृद्धि और सौहार्द की कामना करती हूं।"

कांग्रेस सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक महापर्व विजयादशमी और दशहरा की हार्दिक शुभकामनाएं।"

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "अंततः असत्य हारेगा, अन्याय हारेगा, बुराई हारेगी, और क्रूरता हारेगी। जीत सत्य की, न्याय की, अच्छाई की, और दया की ही होगी। यही विजयादशमी का संदेश है। दशहरा सभी को शुभ हो।"

इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दशहरा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों से सत्य, धर्म और न्याय के मूल्यों को बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें हमेशा यह याद दिलाता है कि अच्छाई की बुराई पर हमेशा विजय होती है।

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा, "दशहरा की हार्दिक शुभकामनाएं। सत्य की असत्य पर विजय हमें न्यायपूर्ण, समृद्ध और सौहार्दपूर्ण समाज बनाने के लिए प्रेरित करे।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2025 11:11 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story