ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी कभी नहीं जीत पाएंगेः सौगत रॉय
नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने सर्वदलीय बैठक और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर मीडिया से बातचीत करते हुए प्रतिक्रिया दी।
भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर से चुनाव लड़ने पर सौगत रॉय ने कहा, "मैं कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता। वह हार जाएंगे, तो फिर चुनाव लड़ने का क्या महत्व है।" उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं और उनकी लोकप्रियता मायने रखती है, वह आसानी से जीत जाएंगी।
सर्वदलीय बैठक को लेकर टीएमसी का क्या रुख होगा, इस सवाल पर सांसद सौगत ने कहा, "हम पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर व्यस्त हैं, इसलिए अभी कुछ नहीं कहेंगे।
उन्होंने कहा, "सरकार ने गैस संकट को लेकर सही से डील नहीं किया। लोगों को गैस की वजह से बहुत परेशानी हो रही है। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए सुरजीत रॉय को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त करने पर आपत्ति जताई है। इस संबंध में टीएमसी ने चुनाव आयोग को शिकायत पत्र भेजा है और आरोप लगाया कि सुरजीत रॉय सुवेंदु अधिकारी के करीबी हैं और निष्पक्ष नहीं हैं।
भवानीपुर से चुनाव लड़ रहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने चुनाव आयोग को भेजे पत्र में लिखा, "पार्टी पश्चिम बंगाल राज्य में चल रही चुनाव प्रक्रिया के दौरान भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए सुरजीत रॉय को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए जाने के संबंध में गंभीर चिंताओं की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहती है। सुरजीत रॉय पहले नंदीग्राम-2 ब्लॉक के ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (बीडीओ) के रूप में कार्यरत थे। सुरजीत रॉय की स्वतंत्रता और रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की उनकी क्षमता के संबंध में आशंकाएं हैं। सुरजीत रॉय भाजपा के सुवेंदु अधिकारी के साथ घनिष्ठ रूप से जुड़े हुए हैं, जिससे रिटर्निंग ऑफिसर के तौर पर उनके काम में भेदभाव और निष्पक्षता की कमी की काफी संभावना है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 12:56 PM IST












