ममता की सत्ता का अंत, विकास का कमल खिलेगा कृष्णा हेगड़े
मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। शिवसेना नेता कृष्णा हेगड़े ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया है कि टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी की सत्ता का अंत होगा और प्रदेश में विकास का कमल खिलेगा।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में शिवसेना नेता ने सीएम ममता बनर्जी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में ममता बनर्जी की सरकार है, उनकी बंगाल पुलिस है। इसके बावजूद उन्हें अपनी जान का डर सता रहा है, तो मतलब साफ है कि उनके प्रशासन में खोट है।
शिवसेना नेता ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के वक्त ही ममता बनर्जी को अपनी सुरक्षा की चिंता क्यों हो रही है। वह जनता से सहानुभूति चाहती हैं। लेकिन, बंगाल की जनता उन्हें कुछ नहीं देने वाली है। ममता सरकार में बंगाल में विकास नहीं हुआ है, लोग उनके शासन से परेशान हैं। पश्चिम बंगाल के लोग बदलाव चाहते हैं और विकास के लिए कमल को चुनेंगे।
असम चुनाव के लिए कांग्रेस की पांच गारंटी पर शिवसेना नेता ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ गारंटी देने का दिखावा करती है। कांग्रेस शासित प्रदेशों में चुनाव से पहले कांग्रेस अपने मेनिफेस्टों में कुछ कहती है और सरकार बनने के बाद कुछ नहीं करती है। जनता कांग्रेस की नीति को अच्छे से समझती है। असम में इनकी दाल नहीं गलने वाली है।
गृह मंत्री अमित शाह के घुसपैठ वाले बयान पर शिवसेना नेता ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में हम लोगों ने देखा कि लाखों लोग फर्जी तरीके से वोटर लिस्ट में थे, जिन्हें हटाया गया है। भारत से घुसपैठियों को हटाना जरूरी बन गया है। गृह मंत्री ने देश की इंटरनल सिक्योरिटी के बारे में बिल्कुल सही कहा है कि घुसपैठ करने वालों को हटाना चाहिए। शिवसेना उनके स्टेटमेंट का स्वागत करती है।
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच शिवसेना नेता ने कांग्रेस पार्टी को नसीहत देते हुए कहा कि जब आपदा का वक्त आता है तो विपक्षी पार्टियों को सरकार के स्टैंड के साथ मजबूती से रहना चाहिए। लेकिन, दुख की बात है कि कांग्रेस पार्टी ऐसी विपदा के वक्त भी सिर्फ राजनीति करने में व्यस्त रहती है। यह देश के लिए ठीक नहीं है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 9:21 PM IST











