मतदाता सूची पर चुनाव आयोग के फैसलों का सीएम धामी ने किया स्वागत, कहा-सूची को अपडेट करना है मकसद
देहरादून, 27 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग के हालिया फैसलों का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य किसी भी योग्य मतदाता को उसके अधिकार से वंचित करना नहीं बल्कि मतदाता सूची को अपडेट करना है।
सीएम धामी ने कहा कि फॉर्म 6 को लेकर आयोग की 26 सितंबर की नोट में कहा गया है कि एसआईआर के लिए फॉर्म 6 से जुड़ी घोषणा को सुप्रीम कोर्ट के फैसले द्वारा अधिकृत किया गया है। इसका मतलब है कि इस पर सुप्रीम कोर्ट ने भी अपना निर्णय दे दिया है। आयोग ने यह भी साफ किया है कि गैर-एसआईआर अवधि के दौरान मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के तहत तय किए गए नियमित फॉर्म ही लागू रहेंगे।
उन्होंने कहा कि आयोग ने यह व्यवस्था की है कि जिन मतदाताओं के नाम अनमैप्ड हैं या जिनमें लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी है, ऐसे मतदाताओं से दस्तावेज बीएलओ खुद घर जाकर प्राप्त करेंगे। उन्हें व्यक्तिगत सुनवाई के लिए कार्यालय में नहीं बुलाया जाएगा, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जो लोग रैन बसेरों में रहने वाले हैं, ऐसे नागरिकों के लिए हेल्प डेस्क और स्पेशल डेस्क लगाने का निर्णय लिया गया है। इससे बेघर और अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों को भी मतदाता सूची में शामिल होने में आसानी होगी।
छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदाता बनने वालों के नाम जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाने की बात चुनाव आयोग ने कही है। इससे कोई भी योग्य नागरिक मतदान से वंचित नहीं रहेगा।
ईसीआईनेट को लेकर उठे सवालों पर भी आयोग ने कदम उठाया है। आयोग ने स्वतंत्र तकनीकी व्यवस्था की है। सीनियर डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर की अध्यक्षता में आईआईटी के इंडिपेंडेंट एक्सपर्ट को शामिल करते हुए एक समिति बनाई गई है। यह समिति देखेगी कि ईसीआईनेट कानूनों और नियमों के अनुरूप काम कर रहा है या नहीं और कहीं कोई कमी तो नहीं हो रही है।
इसके अलावा आयोग ने आगे से अपनी बैठकों का एजेंडा पहले से ही सर्कुलेट करने और जारी करने का निर्णय लिया है। इसे संस्थागत पारदर्शिता की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जाना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 1:49 PM IST












