बसपा प्रमुख मायावती ने हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में पार्टी संगठन की समीक्षा की
लखनऊ, 5 जून (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर इकाइयों की समीक्षा बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने तथा चुनावी सफलता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बहुजन समाज के लोगों को अपने वोट की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान करते हुए कहा कि वोट की हिफाजत आत्मसम्मान, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के समान है। लखनऊ स्थित बसपा के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में दोनों राज्यों की संगठनात्मक गतिविधियों और जनाधार विस्तार की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई।
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अधूरे मिशन को पूरा करने के लिए बहुजन समाज को एकजुट करना और बसपा को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। बैठक में हिमाचल प्रदेश में हाल ही में संपन्न स्थानीय निकाय चुनावों के बाद बने राजनीतिक परिदृश्य पर भी चर्चा हुई।
पार्टी नेताओं ने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस और भाजपा दोनों के प्रति जनता में असंतोष बढ़ रहा है, ऐसे में बसपा के सामने खुद को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने का अवसर है। जम्मू-कश्मीर इकाई की समीक्षा के दौरान पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किए जाने में हो रही देरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। बैठक में कहा गया कि लंबे समय से लंबित इस मांग के कारण लोगों में निराशा बढ़ रही है तथा इसका असर क्षेत्र के विकास और जनजीवन पर भी पड़ रहा है।
मायावती ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बहुजन समाज आज भी गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा और सामाजिक पिछड़ेपन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी के लिए संघर्ष को और तेज करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक ताकत को मजबूत बनाना होगा, तभी सामाजिक परिवर्तन और राजनीतिक भागीदारी का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
--आईएएनएस
विकेटी/एसके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Jun 2026 2:44 PM IST












