मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल के निधन पर सीएम योगी समेत कई राज्यों के मुख्यंत्रियों ने जताया दुख
नई दिल्ली, 4 दिसंबर (आईएएनएस)। मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और जाने-माने वकील स्वराज कौशल का 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया। परिवार के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही सियासी गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और अन्य कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल के निधन पर दुख जताया।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''मिजोरम के पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल जी का निधन अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, ''वरिष्ठ अधिवक्ता एवं मिजोरम के पूर्व राज्यपाल रहे स्वराज कौशल जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका संपूर्ण जीवन संविधान, समाज और राष्ट्र की उन्नति के लिए समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बांसुरी स्वराज के आवास पर जाकर उनके पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल जी को अंतिम प्रणाम कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आजीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर न्याय, संवैधानिक मूल्यों और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। कानूनी जगत में उनके कार्यों ने न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ समाज के उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा पिता के इस गहन वियोग में बांसुरी स्वराज को धैर्य, शक्ति और संबल दें।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक्स पोस्ट में लिखा, ''मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे विनम्रता और उत्कृष्ट जनसेवा के प्रतीक थे। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को देश हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस असीम दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।''
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने लिखा, ''विदिशा की पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सुषमा स्वराज जी के पति, स्वराज कौशल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने मिजोरम के राज्यपाल, राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ वकील के रूप में देश को सेवा प्रदान की। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को शांति तथा शोक-संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Dec 2025 7:27 PM IST












