मोतिहारी शराब कांड पर राजनीति नहीं होनी चाहिए विवेक ठाकुर
पटना, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मोतिहारी में हुए शराब कांड पर विपक्ष डबल इंजन सरकार पर हमलावर है। विपक्ष का दावा है कि सरकार राज्य में शराबबंदी लागू कराने में विफल साबित हुई है और जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हो रही है।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने मोतिहारी शराब कांड पर कहा कि मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। कई लोगों की हालत गंभीर है। यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक बिहार में जहरीली शराब से 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यह तो केवल सरकारी आंकड़ा है, हकीकत में यह संख्या इससे कहीं अधिक है। इतना ही नहीं, कई दर्जन लोग अपनी आंखों की रोशनी भी खो चुके हैं।
भाजपा सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि कोई भी घटना होती है तो उस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस तरह की घटना बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन परिवारों की चिंता करनी चाहिए जो इस तरह की घटनाओं की चपेट में आ जाते हैं। हम तो यह चाहते हैं कि प्रशासन इस पूरे मामले को सख्ती से देखे और उचित कार्रवाई करे।
नालंदा के वायरल वीडियो के मामले पर भाजपा सांसद ने कहा कि यह एक तरह की मानसिकता है, और यह दुनिया में कहीं भी हो सकती है। इस तरह की घटनाओं में जो व्यक्ति शामिल होता है, वह असल में बीमार ही होता है।
उन्होंने कहा कि इसमें दो राय नहीं है कि घटना दुखद है, लेकिन यह समय परिवार को सांत्वना देने की है। ऐसे लोगों को मानसिक इलाज की जरूरत होनी चाहिए।
भाजपा सांसद ने सीएम ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जो कहा, उसे ममता बनर्जी संज्ञान क्यों नहीं लेती है। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जिस तरह से टिप्पणी की है। उसके बाद जानने के लिए कुछ नहीं बचा है। वहां की वास्तविकता क्या है, सभी जान रहे हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि यह परिवर्तन का चुनाव है, बंगाल को बचाने का चुनाव है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 8:36 PM IST












