मुंबई कॉन्सर्ट ड्रग्स ओवरडोज मामला आरोपियों की कोर्ट में पेशी, पुलिस ने मांगी कस्टडी
मुंबई, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के गोरेगांव पूर्व स्थित नेस्को परिसर में हुए लाइव कॉन्सर्ट के दौरान सामने आए ड्रग्स ओवरडोज मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उनसे गहन पूछताछ के लिए कस्टडी की मांग की है।
वनराई पुलिस ने इस मामले में मुख्य आयोजक आकाश समल उर्फ विहान समेत विनोद जैन, प्रतीक पांडे, आनंद पटेल, रौनक खंडेलवाल और बालकृष्ण कुरूप को कोर्ट के सामने पेश किया। पुलिस का कहना है कि यह मामला केवल एक ओवरडोज घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़े ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की आशंका है।
पुलिस ने अदालत से कहा कि आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करना आवश्यक है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कॉन्सर्ट जैसे बड़े आयोजन में इतनी भारी मात्रा में नशीले पदार्थ कैसे पहुंचे और किन-किन लोगों की इसमें संलिप्तता है। जांच एजेंसियां इस एंगल से भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह कोई संगठित गिरोह का काम है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को तेज कर दिया गया है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। फिलहाल कोर्ट में सुनवाई जारी है और सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हुई हैं।
बता दें कि इस दर्दनाक घटना में अब तक दो छात्रों की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है। इस घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया है।
पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल को एक कॉलेज के बहुत सारे बच्चों ने गोरेगांव इलाके में स्थित नेस्को ग्राउंड में आयोजित कॉन्सर्ट में शामिल हुए थे। इस दौरान कुछ छात्रों ने ड्रग कंज्यूम किया था। हालांकि, यह संभावित फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद साफ होगा। सोमवार देर रात 12 बजे के आसपास स्टूडेंट्स को सांस लेने में परेशानी के चलते नजदीक के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दो छात्रों की मौत हो गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 April 2026 4:50 PM IST











