झारखंड के हजारीबाग में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, केस दर्ज

झारखंड के हजारीबाग में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप,  केस दर्ज
झारखंड के हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) पर करीब दो दर्जन छात्राओं ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। बाल कल्याण समिति की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

हजारीबाग, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) पर करीब दो दर्जन छात्राओं ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। बाल कल्याण समिति की जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब 11 अप्रैल को दो छात्राओं ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर कॉल कर अपनी आपबीती सुनाई। छात्राओं ने बताया कि हेडमास्टर पढ़ाई के बहाने उन्हें अपने पास बुलाते थे और अनुचित तरीके से शारीरिक स्पर्श करते थे। शिकायत मिलने के बाद जब बाल संरक्षण टीम और चरही पुलिस स्कूल पहुंची, तो परतें खुलती चली गईं।

जांच के दौरान एक के बाद एक करीब 24 छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर समान आरोप लगाए। सीडब्ल्यूसी के समक्ष दिए गए बयानों में छात्राओं ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पीड़ित छात्राओं का आरोप है कि हेडमास्टर उन्हें डराता-धमकाता था कि अगर उन्होंने इस बारे में किसी को बताया तो उन्हें स्कूल से निकाल दिया जाएगा या उनके परिणाम खराब कर दिए जाएंगे।

इसी डर की वजह से छात्राएं लंबे समय तक खामोश रहीं। समिति ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को पोक्सो एक्ट और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। इस प्रकरण की जानकारी मिलते ही अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग को आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू करने का भी संकेत दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और छात्राओं के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 April 2026 4:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story