'मुंबई में 8-9 अक्टूबर को बजेगा प्रोटोटाइप सायरन, घबराएं नहीं', बीएमसी की अपील
मुंबई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने मुंबईकरों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बीएमसी के जनसंपर्क विभाग की ओर से 7 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंबई शहर में 8 और 9 अक्टूबर को प्रोटोटाइप सायरन उपकरण का परीक्षण किया जाएगा।
यह परीक्षण मुंबई के फोर्ट इलाके में स्थित पुराने सचिवालय और क्रॉस मैदान के पास स्थित सिविल डिफेंस कॉलेज की इमारतों पर लगे सायरन पर किया जाएगा। परीक्षण के दौरान सायरन बजाया जाएगा, जिसकी आवाज आसपास के इलाकों में सुनाई देगी।
बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर वे घबराएं नहीं और न ही कोई गलतफहमी पालें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक पूर्व निर्धारित तकनीकी परीक्षण है और कोई वास्तविक आपात स्थिति या खतरा नहीं है।
जानकारी के अनुसार, इस प्रोटोटाइप सायरन उपकरण को महानिदेशक (सिविल डिफेंस, नई दिल्ली) के मार्गदर्शन में सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डीओटी) की एक टीम ने तैयार किया है। ये सायरन फिलहाल मुंबई में तीन जगहों पर, पुराना सचिवालय, एनेक्स बिल्डिंग (फोर्ट) और सिविल डिफेंस कॉलेज (क्रॉस मैदान), पर लगाए गए हैं।
यह परीक्षण राष्ट्रीय स्तर पर सिविल डिफेंस सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है। भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को समय पर अलर्ट करने के लिए इन सायरन सिस्टम का उपयोग किया जा सकेगा।
एमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे परीक्षण के लिए प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही, किसी भी अनधिकृत जानकारी या अफवाह पर विश्वास न करें। यदि सायरन की आवाज सुनाई दे, तो स्थानीय नागरिकों को शांत रहना चाहिए और अपने दैनिक कार्य जारी रखने चाहिए।
बीएमसी ने कहा कि यह परीक्षण पूरी तरह से सुरक्षित है और इसका उद्देश्य केवल उपकरण की कार्यक्षमता को परखना है। मुंबई जैसे घनी आबादी वाले शहर में इस तरह की अग्रिम चेतावनी प्रणाली बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि परीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए स्थानीय पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर मौजूद रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 10:59 PM IST












